
Job Placement in Raipur: रोजगार के अवसरों से वंचित रह जाने वाले दिव्यांगजनों और थर्ड जेंडर समुदाय के लोगों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में रायपुर जिले में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत जिला स्तर पर कभी रोजगार कार्यालय के माध्यम से तो कभी समाज कल्याण विभाग की ओर से विशेष प्लेसमेंट कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। जिनमें विभिन्न कंपनियां शामिल होकर जरूरतमंद अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही हैं। इन कैंपों के माध्यम से न केवल दिव्यांगजनों, बल्कि थर्ड जेंडर समुदाय के लोगों को भी रोजगार की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल की जा रही है। जनवरी 2026 से अब तक जिले में ऐसे सात प्लेसमेंट कैंप आयोजित किए जा चुके हैं। इनमें दर्जनों कंपनियों ने हिस्सा लिया और सैकड़ों अभ्यर्थियों को रोजगार पाने का अवसर मिला। इन कंपनियों में अलग-अलग पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया जा रहा है।
इल कैंप में चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और कार्य के अनुसार 8 हजार रुपए से लेकर 14 हजार 500 रुपए तक मासिक वेतन दिया जा रहा है। इन विशेष प्लेसमेंट कैंपों का उद्देश्य समाज के ऐसे वर्गों को रोजगार से जोड़ना है, जिन्हें सामान्य परिस्थितियों में नौकरी पाने के लिए कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। प्लेसमेंट कैंप में कंपनियों की भागीदारी से अभ्यर्थियों को सीधे रोजगारदाताओं तक पहुंचने का मौका मिल रहा है।
23 जनवरी- रोजगार प्लेसमेंट कैम्प के माध्यम से कस्टमर सपोर्ट एक्जीक्यूटिव के 100 पदों पर की भर्ती ली गई। रोजगार कार्यालय में इसका आयोजन हुआ। चयनित अभ्यर्थियों को 10,500 से 14,500 रुपए तक मासिक वेतन था।
27 फरवरी- विशेष रोजगार कार्यालय में प्लेसमेटं के माध्यम से वेयर हाउस हेल्पर के 20 पदों की भर्ती ली गई। इसमें चयनित अभ्यर्थियों का वेतन 13,777 रूपए था।
9 मार्च- मूकबधिर दिव्यांगजनों के लिए डॉ. रेड्डीस फाउंडेशन ग्रो रायपुर में प्लेसमेंट कैंप का आयोजन हुआ। इसमें कई लोगों को शॉर्टलिस्ट किया गया।
5 जून- विशेष रोजगार कार्यालय की ओर से शासकीय कन्या पॉलिटेक्निक कॉलेज, बैरन बाजार में दिव्यांगजनों के लिए रोजगार मेले का आयोजन हुआ। इसमें अलग-अलग कंपनी में 25 अभ्यार्थी शॉर्टलिस्ट हुए।
2 जुलाई- ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए वॉक-इन इंटरव्यू का आयोजन संबल केंद्र, आईडीएसएमटी भवन में किया गया। इसमें 10 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। इसमें डेटा एंट्री ऑपरेटर, सिक्योरिटी गार्ड एवं सिक्योरिटी मैनेजर के पदों पर नियुक्ति हुई।
17 जुलाई- मूकबधिर दिव्यांगजनों के लिए विशेष रोजगार कार्यालय, पुराना पुलिस मुख्यालय परिसर में आयोजन किया गया। इसमें पिकर पैकर के 4 पदों, सीनियर असिस्टेंट के 15 पद व वेयर हाउस हेल्पर के 15 पदों पर भर्ती निकली। इसमें वेतन 10 से 15 हजार था।
7 अक्टूबर- समाज कल्याण विभाग की ओर से दिव्यांगजनों के लिए वॉक-इन इंटरव्यू का आयोजन। श्रवण के लिए 12 पद एवं अस्थिबाधित दिव्यांगजनों के लिए 8 पद, कुल 20 पदों पर हुई भर्ती। इसमें 8 से 10 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन।
प्लेसमेंट कैंप में शामिल होने वाले युवाओं को अधिकतर अपने समस्त शैक्षणिक योग्यता के दस्तावेज, (8वीं से 12वीं, ग्रेजुएशन, मास्टर्स) रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड, बायोडाटा की छायाप्रति व पासपोर्ट आकार के फोटो जरूरी होता है। इसके साथ ही आवेदकों को छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल http://erojgar.cg.gov.in या छत्तीसगढ़ रोजगार एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य होता है। ऑनलाइन आवेदन के लिए आवेदक का रोजगार पंजीयन नंबर होना जरूरी है। इसलिए आवेदक, जिनका रोजगार पंजीयन नहीं हुआ है वे छत्तीसगढ़ रोजगार एप के माध्यम से रोजगार पंजीयन कर सकते हैं।