
Telghani Naka Bridge Closed: छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर के तेलघानी नाका स्थित करीब 40 साल पुराने ओवरब्रिज को बुधवार शाम से स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। जर्जर हालत को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने पुल के दोनों ओर बैरिकेड लगाकर सभी तरह के वाहनों की आवाजाही रोक दी है। अब इस पुल से कार, बाइक समेत कोई भी वाहन नहीं गुजर सकेगा। वाहन चालकों को आवाजाही के लिए बगल में बने दूसरे ओवरब्रिज का इस्तेमाल करना होगा।
रेलवे ने करीब चार साल पहले ही इस पुल को असुरक्षित घोषित कर दिया था। इसके बावजूद अब तक यहां सीमित यातायात जारी था। पहले सुरक्षा के मद्देनजर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई थी। साथ ही पुल के पिलरों की मरम्मत कर लोहे के अतिरिक्त सपोर्ट भी लगाए गए थे। अब सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुल को पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
तेलघानी नाका का पुराना ओवरब्रिज लंबे समय से जर्जर हालत में था। रेलवे की ओर से इसे असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद भी यहां छोटे वाहनों की आवाजाही जारी थी। हालांकि, अब पीडब्ल्यूडी ने पुल के दोनों तरफ बैरिकेड लगाकर रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया है। इस फैसले के बाद वाहन चालकों को अब बगल में बने दूसरे ओवरब्रिज से गुजरना होगा। जब तक नए पुल का निर्माण शुरू नहीं होता, तब तक इसी वैकल्पिक रास्ते से यातायात संचालित किया जाएगा।
करीब 40 साल पुराने ओवरब्रिज को तोड़कर उसकी जगह नया पुल बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए रेलवे और लोक निर्माण विभाग का संयुक्त सर्वे पूरा हो चुका है। फिलहाल दोनों विभाग अपने-अपने हिस्से की ड्राइंग तैयार कर रहे हैं।
योजना के अनुसार, रेलवे ट्रैक के ऊपर बनने वाले हिस्से का निर्माण रेलवे के अधिकार क्षेत्र में आएगा, जबकि बाकी निर्माण की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी की होगी। दोनों विभागों की ड्राइंग को मिलाकर अंतिम प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। इसके बाद तकनीकी मंजूरी के लिए इसे रेलवे मुख्यालय भेजा जाएगा।
पुराने ओवरब्रिज को बदलने की तैयारी पीडब्ल्यूडी ने वर्ष 2022 में ही शुरू कर दी थी। हालांकि, बजट की कमी और तकनीकी प्रक्रियाओं के कारण योजना आगे नहीं बढ़ सकी। रेलवे ट्रैक के ऊपर पुल निर्माण होने की वजह से रेलवे की सहमति और तकनीकी मंजूरी लेना जरूरी था। इसी प्रक्रिया के चलते दोनों विभागों के बीच योजना लंबे समय तक अटकी रही। अब संयुक्त सर्वे पूरा होने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी है।
पीडब्ल्यूडी ने पहले 30 सितंबर से ही पुराने ओवरब्रिज को बंद करने की तैयारी की थी। इसके लिए यातायात विभाग से अनुमति भी मिल गई थी। लेकिन त्योहारों के दौरान बाजारों और सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए फैसला टाल दिया गया था। त्योहार समाप्त होने के बाद बुधवार शाम से पुल को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया। फिलहाल नए पुल के निर्माण की तकनीकी मंजूरी और काम शुरू होने की समय-सीमा तय नहीं हुई है। ऐसे में वाहन चालकों को आगामी समय में भी बगल वाले ओवरब्रिज से ही आवाजाही करनी होगी।