रायपुर

Raipur News: 236 पाकिस्तानी क्रीम जब्त होने के बाद अब बिना लाइसेंस निर्माण का खुलासा, विभाग ने मारा छापा

Chhattisgarh News: रायपुर के महावीर नगर में फूड एंड ड्रग विभाग ने बिना वैध लाइसेंस क्रीम बनाने के ठिकाने पर छापा मारा। टीम ने तैयार क्रीम और निर्माण सामग्री जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2026, 2:51 PM IST
Raipur News
Raipur News: 236 पाकिस्तानी क्रीम जब्त (Photo-patrika

Raipur News: पाकिस्तान में बनी प्रतिबंधित गोरी क्रीम की बिक्री का मामला सामने आने के बाद अब रायपुर में बिना लाइसेंस क्रीम बनाने का कारोबार पकड़ा गया है। फूड एंड ड्रग विभाग की टीम ने महावीर नगर में क्रीम बनाने के एक ठिकाने पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में तैयार क्रीम और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है। जांच में सामने आया कि यहां पिछले करीब एक साल से क्रीम बनाने का काम चल रहा था, जबकि संबंधित लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी थी। इस मामले में महेंद्र सचदेवा का कहना है कि उन्हें लाइसेंस खत्म होने की जानकारी नहीं थी। विभाग ने जब्त सामग्री की जांच शुरू कर दी है।

Illegal Cream Manufacturing: महावीर नगर में क्रीम बनाने के ठिकाने पर छापा

फूड एंड ड्रग विभाग की टीम ने महावीर नगर में महेंद्र सचदेवा के क्रीम बनाने के ठिकाने पर दबिश दी। जांच के दौरान पता चला कि यहां करीब एक साल से क्रीम का निर्माण किया जा रहा था। हालांकि, इसके लिए जरूरी लाइसेंस की अवधि समाप्त हो चुकी थी। इसके बावजूद क्रीम बनाने का काम जारी था।

मॉम व्हाइटनिंग क्रीम समेत तीन प्रोडक्ट जब्त

कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से मॉम व्हाइटनिंग क्रीम, ग्लैमरिक्स और क्विंज पर्ल फेस सीरम जब्त किया। इसके अलावा क्रीम बनाने और उनकी पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त की गई है। विभाग की टीम अब इन उत्पादों और निर्माण से जुड़ी सामग्री की जांच कर रही है।

लाइसेंस खत्म होने की जानकारी नहीं होने की बात कही

कार्रवाई के बाद महेंद्र सचदेवा का कहना है कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि उनके क्रीम निर्माण का लाइसेंस समाप्त हो चुका है। वहीं, विभाग की टीम ने मौके से सामग्री जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गोल बाजार से जब्त हुई थीं 236 पाकिस्तानी क्रीम

इससे पहले रायपुर के गोल बाजार में पाकिस्तान में बनी प्रतिबंधित गोरी क्रीम की बिक्री का मामला सामने आया था। इसकी सूचना मिलने पर ड्रग विभाग की टीम ने दुकानों में छापेमारी की थी। इस दौरान ओम ब्यूटी सेंटर से पाकिस्तान में बनी कुल 236 क्रीम जब्त की गई थीं। जब्त उत्पादों में 218 गोरी क्रीम और 18 चांदनी क्रीम शामिल थीं। इनकी कुल कीमत करीब 1.25 लाख रुपए बताई गई थी।

क्रीम कारोबार पर विभाग की नजर

रायपुर में पहले प्रतिबंधित पाकिस्तानी क्रीम की बिक्री और अब बिना लाइसेंस क्रीम निर्माण का मामला सामने आने के बाद कॉस्मेटिक उत्पादों के कारोबार पर विभाग की कार्रवाई चर्चा में है। फिलहाल महावीर नगर से जब्त उत्पादों और निर्माण सामग्री की जांच जारी है।

Updated on:
17 Nov 2026, 2:51 PM IST
Published on: