
Raipur Gold Making Charges @अजय रघुवंशी। सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच अब सराफा बाजार में मुकाबला सोने के भाव से आगे बढकऱ मेकिंग चार्ज तक पहुंच गया है। बीते एक से दो वर्ष के भीतर राजधानी में 10 से अधिक मल्टीनेशनल ज्वेलरी ब्रांड्स की मौजूदगी के बीच ग्राहकों को लुभाने के लिए 15 फीसदी तक लगने वाले मेकिंग चार्ज के मुकाबले 2 से 3 फीसदी तक के ऑफर दिए जा रहे हैं। कॉरपोरेट कंपनियों की इस रणनीति ने पारंपरिक सराफा कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। वहीं, कारीगरी से जुड़े संगठनों ने भी कम मेकिंग चार्ज पर एतराज जताया है।
इधर कार्पोरेट कंपनियों के प्रतिनिधियों ने इस मार्केट स्ट्रेटजी बताया है। बाजार की मौजूदा हालात पर गौर करें तो दीवाली के समय सोना 23 कैरेट प्रति 10 ग्राम 1.48 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम पर था, जो कि वर्तमान में 1.30 लाख प्रति 10 ग्राम पर आ चुका है। सोने में टूट के बाद चांदी प्रति किलो 1.93 लाख से घटकर 1.60 लाख रुपए पर आ चुकी है। कार्पोरेट कंपनियों के इस मार्केट स्ट्रेटजी के साथ ही छत्तीसगढ़ के बड़े ब्रांड्स ने भी यह ऑफर देना शुरू कर दिया है, ताकि वह भी प्रतियोगिता में बन रहे सके। राजधानी के सदर बाजार, मालवीय रोड स्थित शो-रूम में 2-3 प्रतिशत मेकिंग चार्ज का बोर्ड लगा दिया गया है। सराफा बाजार में अब ब्रांड और डिजाइन के साथ मेकिंग चार्ज भी बिक्री का बड़ा आधार बनता जा रहा है।
सामान्य सोना - 2 से 3 प्रतिशत
सामान्य सोने की चेन- 6-12 प्रतिशत
मशीन से बनी चूडिय़ां- 5-10 प्रतिशत
अंगूठी- 10-15 प्रतिशत
झुमके और ईयरिंग, डिजाइनर नेकलेस,
एंटीक और ब्राइडल ज्वैलरी- 10 से 16 प्रतिशत
आईआईएम कोझिकोड के बीते वर्ष शोध में सामने आया है कि मेकिंग चार्ज पर छूट ग्राहकों को खरीदारी के लिए प्रेरित करने और प्रतिस्पर्धियों से अलग दिखने का प्रमुख तरीका है। बड़े ब्रांड मार्केटिंग, विज्ञापन और परिचालन खर्च के बावजूद कम मार्जिन पर ज्यादा बिक्री की रणनीति अपना रहे हैं। वहीं, छोटे सराफा कारोबारियों के लिए ऐसी छूट देना चुनौतीपूर्ण है।
रायपुर गोल्ड स्मिथ एसोसिएशन के अध्यक्ष महादेव बराल ने कहा कि कुछ आर्थिक रूप से प्रभावशाली लोग कम मेकिंग चार्ज के जरिए बाजार में अपना वर्चस्व स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि बड़े स्तर पर कारोबार के केंद्रीकरण से छोटे व्यापारियों के सामने अस्तित्व का संकट खड़ा हो रहा है। बराल के मुताबिक, एक कुशल कारीगर को सोने का आभूषण तैयार करने में 18 से 20 घंटे तक लग जाते हैं। इस काम में बारीकी, धैर्य और हुनर की जरूरत होती है, लेकिन बाजार में कम मेकिंग चार्ज की होड़ के कारण कारीगरों की मेहनत का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। इसका असर केवल कारीगरों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनसे जुड़े छोटे कारोबारियों और परिवारों की आजीविका भी प्रभावित हो रही है।
सराफा के कॉर्पोरेट कंपनियों के मेकिंग चार्ज पर रायपुर के रजिस्टर्ड सराफा सदस्यों से चर्चा हुई है। खरीदारी के समय कॉर्पोरेट कंपनियों और स्थानीय ब्रांड, दुकान का चयन यह ग्राहकों का अधिकार है। जरूरत पड़ने पर इस संबंध में वरिष्ठ पदाधिकारियों से पुनः चर्चा संभव है।
जितेंद्र गोलछा सचिव, रायपुर सराफा एसोसिएशन