
Raipur Traffic Advisory: राजधानी रायपुर में आज शाम मोहर्रम के अवसर पर ताजिया जुलुस निकल चूका है। इसके लिए आज शाम से लेकर रात 10 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपने मार्ग की जानकारी जरूर लें और जहां संभव हो, वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें। भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और ट्रैफिक जवान तैनात किए गए हैं।
मोहर्रम के अवसर पर राजधानी में निकलने वाले ताजियों के कारण पुलिस ने ट्रैफिक रूट में बदलाव किया है। राजातालाब, मोमीनपारा, अमीनपारा, छोटापारा, बैजनाथपारा, नेहरू नगर, संजय नगर टिकरापारा सहित विभिन्न क्षेत्रों से दोपहर 2 बजे ताजिये निकलेंगे और रात 10 बजे तक चौबे कॉलोनी स्थित करबला तालाब में विसर्जन होंगे। यह ताजिये नूरानी चौक, ताजनगर, ईरानी डेरा, राजातालाब से पंडरी बसस्टैंड, मरहीमाता चौक, मौदहापारा, मस्जिद गली होते हुए गुरुनानक चौक, राठौर चौक, रामसागरपारा, बढ़ईपारा, मोमिनपारा, आजाद चौक, आरकेसी के सामने से चौबे कॉलोनी टर्निंग होकर निकलेंगे। इस दौरान वैकल्पिक मार्गाें का उपयोग करने के लिए कहा गया है।
हैदरी मस्जिद ट्रस्ट के मुतवल्ली हैदर अली के अनुसार शाम 4 बजे मोमिनपारा से मुख्य मातमी जुलूस निकलेगा। इसमें आकर्षक ताजिए, अलम और मातमी दस्ते शामिल होंगे। जुलूस मोमिनपारा, आज़ाद चौक, आमापारा और जीई रोड होते हुए करबला तालाब पहुंचेगा।
सभी ताजिया और मातमी जुलूस करबला तालाब पहुंचेंगे, जहां शामे गरीबां की मजलिस आयोजित होगी। इस अवसर पर इलाहाबाद के मौलाना सैय्यद मोहम्मद अली गौहर खिताब करेंगे। आयोजन में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के शामिल होने की संभावना है।
शास्त्री चौक से महिला थाना चौक, कालीबाड़ी चौक, पचपेड़ी नाका और रिंग रोड-1 के रास्ते वाहनों को भेजा जाएगा। वहीं टाटीबंध की ओर से शहर आने वाले वाहनों को भी आवश्यकता अनुसार वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा।
यात्रा से पहले अपने रूट की जानकारी लें।
जहां संभव हो, वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें।
वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें।
आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता दें।
ट्रैफिक नियमों का पालन करें और जल्दबाजी से बचें।
रात 10 बजे तक रहेगी व्यवस्था