
रायपुर. मंत्री की कथित अश्लील सीडी को बंटवाने के आरोप में सोमवार को सीबीआइ की विशेष अदालत ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। भूपेश बघेल सहित पांच लोगों को एक दिन पहले अदालत ने समन भेजकर तलब किया था। सोमवार को भूपेश बघेल, विनोद वर्मा और विजय भाटिया कांग्रेस नेताओं के साथ अदालत पहुंचे। वहां सीबीआइ ने मामले मेंं 3000 पृष्ठों से अधिक का पहला आरोपपत्र पेश किया।
सीबीआइ ने अपनी चार्जशीट से पता चलता है कि भाजपा नेता और छत्तीसगढ़ तीरंदाजी संघ के सचिव कैलाश मोरारका ने रिंकू खनुजा और विजय पंड्या के साथ मिलकर मंत्री की अश्लील सीडी बनवाई थी। सुनवाई के दौरान भूपेश बघेल ने कहा, उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है, वे निर्दोष हैं। जब अंतागढ़ टेप कांड और इंदिरा प्रियदर्शिनी बैंक घोटाले के आरोपी के नार्को टेस्ट की सीडी सार्वजनिक की गई थी, तब कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस मामले में साजिश के तहत उन्हें फंसाया गया है। यह बिलासपुर लाठीचार्ज की घटना को डाइवर्ट करने के लिए किया जा रहा है।
विशेष न्यायाधीश सुमित कपूर ने अधिवक्ता देने की पेशकश की, लेकिन भूपेश ने वकील नहीं रखा, उन्होंने अपनी पैरवी खुद की। उन्होंने अदालत से जमानत लेने से भी इन्कार कर दिया। बाद में न्यायालय ने भूपेश बघेल को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। न्यायिक रिमांड की यह अवधि 8 अक्टूबर को खत्म होगी। बाहर पत्रकारों से बातचीत में भूपेश बघेल ने कहा, सीबीआइ ने इस मामले में सालभर तक कोई कार्रवाई नहीं की। जब उन्होंने प्रधानमंत्री को काले झंडे दिखाए तो अचानक सीबीआइ ने चालान पेश कर दिया।
9 महीने बाद आरोपपत्र : इस मामले में पहली एफआइआर पंडरी थाने में 26 अक्टूबर 2017 को दर्ज हुई थी। 27 अक्टूबर को विनोद वर्मा के रूप में पहली गिरफतारी हो गई। उसी दिन राज्य सरकार ने मामला सीबीआइ को सौंपने की घोषणा की। सीबीआइ ने 12 दिसम्बर को दिल्ली में दो एफआइआर दर्ज की। एफआइआर के 9 महीने 12 दिन बाद आरोपपत्र दाखिल किया गया।
पुलिस पर केस करेंगे वर्मा : इस मामले में दो महीने जेल में बिता चुके पूर्व पत्रकार विनोद वर्मा भाजपा नेता प्रकाश बजाज और सरकार के खिलाफ केस करने की तैयारी में हैं। सोमवार को उन्होंने कहा, मुझपर ब्लैकमेलिंग केे आरोप लगाकर 30 वर्षों की प्रतिष्ठा धुमिल की गई। सीबीआइ के आरोपपत्र में ब्लैकमेलिंग का आरोप हटा लिया गया। वर्मा ने कहा, उन्होंने तब भी कहा था और आज भी कहता हूं यह पूरा मामला झूठा है।
अदालत से जेल लाने तक भारी मशक्कत
भूपेश बघेल को जेल ले जाने के लिए पुलिस ने भारी बंदोबस्त किया था। अदालत परिसर को छावनी में बदल दिया गया। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता अदालत से जेल परिसर तक नारेबाजी करते रहे। जिस गाड़ी से भूपेश को ले जाया जा रहा था, उसकी छत पर भी कांग्रेस कार्यकर्ता चढ़ गए थे। बाद में वरिष्ठ नेता भी जेल परिसर पहुंचे।
प्रकाश ने मांगी सुरक्षा
अश्लील सीडी मामले के पहला केस दर्ज करवाने वाले प्रकाश बजाज ने अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मुख्यमंत्री बोले-सरकार की कोई भूमिका नहीं
भूपेश बघेल के आरोपों को मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सिरे से खारिज कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा, यह एक न्यायालयीन प्रक्रिया है, जो भी होगा, सारे तथ्य सामने आ जाएंगे।
डॉ.रमन सिंह ने कहा कि समन किसे और कब भेजना है, यह सीबीआइ तय करती है न की सरकार। उन्होंने कहा, यह दुर्भाग्यजनक घटना है, सीडी दिखाकर किसी मंत्री की राजनीति को समाप्त करने का षडयंत्र है, महिलाओं का अपमान है। मुख्यमंत्री ने कहा, भूपेश बघेल ने ही सीडी मामले में सीबीआइ जांच की मांग की थी। उसके बाद की केस सीबीआइ को ट्रांसफर हुआ था।
उन्होंने सवाल उठाया, दो बातें कैसे हो सकती है, एक तरफ कांग्रेस सीबीआइ जांच की मांग उठाती है और दूसरी तरफ उसे सीबीआइ पर भरोसा भी नहीं है।
सीबीआइ ने इनको बनाया है आरोपी
कैलाश मुरारका - भाजपा का स्थानीय नेता। सीडी बनाने, वितरण करने का आरोप। समन ही तामील नहीं हुआ, इसलिए पेश नहीं।
विनोद वर्मा - पूर्व पत्रकार, भूपेश बघेल के करीबी। इनको पुलिस ने अक्टूबर में गिरफ्तार किया था। दिसम्बर में जमानत मिली। ब्लैकमेलिंग के आरोप हटाए।
रिंकू खनूजा - रायपुर का कारोबारी, सीबीआइ पूछताछ के दौरान ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत। साजिश में शामिल होने आरोप।
विजय भाटिया - भिलाई के कारोबारी। भूपेश बघेल के
करीबी। इन पर नकली सीडी दिल्ली से लाने और साजिश में शामिल होने का आरोप। जमानत मिली।
भूपेश बघेल - प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष। इन पर सीडी में छेड़छाड़ की साजिश में शामिल होने और सीडी बांटने का आरोप। जमानत नहीं ली, जेल।
विजय पंडया - मुंबई का कारोबारी। सीडी बनाने, वितरण और साजिश में शामिल होने का आरोप। समंस तामील नहीं हुआ, इसलिए पेश नहीं।
मामले में 100 गवाहों की सूची
इस मामले में सीबीआइ ने 100 गवाह बनाए हैं। तीन हजार पृष्ठ से अधिक के आरोपपत्र में 174 से अधिक दस्तावेज हैं।
प्रमुख गवाह
सुरेश गोयल - एक निजी चैनल के मालिक
राजेश मूणत - लोक निर्माण मंत्री,
केस दर्ज कराई थी।
लवली खनूजा - रायपुर का कारोबारी
और मृतक रिंकू खनूजा का रिश्तेदार
मानस साहू - मुंबई का स्टूडियो
संचालक, बताया गया कि इसी के
स्टूडियो में सीडी बनी।
विरोध में कांग्रेस भरेगी जेल
प्रदेश अध्यक्ष की गिरफतारी के विरोध में कांग्रेस ने जेल भरो आंदोलन की घोषणा की है। शुरुआत मंगलवार को राजधानी से होगी। तय कार्यक्रम के मुताबिक कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे राजीव भवन में इकटठा होंगे। उसके बाद वहां से जेल परिसर की ओर कूच करेंगे। 27 सितम्बर को प्रदेश भर में प्रदर्शन और गिरफ्तारी की घोषणा हुई है।