रायपुर

क्या बढ़ सकती हैं Bigg Boss फेम शेफाली बग्गा की मुश्किलें? रायपुर ED दफ्तर में पूछताछ जारी

Shefali Bagga ED Inquiry: महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट शेफाली बग्गा से रायपुर स्थित ED कार्यालय में लगातार दूसरे दिन पूछताछ की गई।
2 min read
Jul 17, 2026
Shefali Bagga
Shefali Bagga: रायपुर ED दफ्तर ने पूछताछ जारी(photo-patrika)

Shefali Bagga: छत्तीसगढ़ के रायपुर में महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच लगातार नए आयाम ले रही है। इसी कड़ी में पूर्व बिग बॉस कंटेस्टेंट और टीवी प्रेजेंटर शेफाली बग्गा शुक्रवार को दूसरी बार रायपुर स्थित ED कार्यालय पहुंचीं। जांच एजेंसी उनसे महादेव ऐप के कथित प्रचार-प्रसार और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है। गुरुवार को भी ED अधिकारियों ने उनसे करीब पांच घंटे तक पूछताछ की थी। अब लगातार दूसरे दिन बुलाए जाने से इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Mahadev Betting App Case: डिजिटल सामग्री एजेंसी के रडार पर

सूत्रों के अनुसार, जांच एजेंसी को कुछ ऐसे डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जिनमें महादेव बेटिंग ऐप से संबंधित प्रमोशनल वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य ऑनलाइन सामग्री शामिल हैं। इन्हीं तथ्यों के आधार पर शेफाली बग्गा को पूछताछ के लिए तलब किया गया है। हालांकि, इस मामले में एजेंसी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और जांच जारी है।

खंजन ठक्कर से कथित संबंधों की भी जांच

महादेव ऑनलाइन बुक नेटवर्क से जुड़े कथित हवाला ऑपरेटर खंजन जगदीश कुमार ठक्कर का नाम भी इस मामले में सामने आया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि वह भारत में महादेव नेटवर्क से जुड़े वित्तीय लेन-देन और हवाला चैनलों के संचालन में अहम भूमिका निभाता था। ED (ED Raid Raipur) अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या शेफाली बग्गा का इस नेटवर्क से किसी प्रकार का संबंध था और यदि था, तो उसकी प्रकृति क्या थी।

दुबई और लंदन कनेक्शन की जांच

जांच एजेंसी को संदेह है कि महादेव बेटिंग ऐप का संचालन विदेशों से किया जाता था। इस सिलसिले में दुबई और लंदन से संचालित कथित प्रमोशनल गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, ED यह भी खंगाल रही है कि क्या ऐप के प्रचार के लिए किसी प्रकार का आर्थिक लेन-देन हुआ था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे।

जांच के नतीजों पर टिकी निगाहें

महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामला पहले से ही देशभर में सुर्खियों में रहा है। ऐसे में शेफाली बग्गा से हो रही पूछताछ ने इस हाई-प्रोफाइल केस को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है। अब सभी की निगाहें ED की जांच और आने वाले आधिकारिक निष्कर्षों पर टिकी हैं।

Updated on:
17 Jul 2026 05:12 pm
Published on:
17 Jul 2026 05:09 pm