रायपुर

राशन कार्ड बनवाना हुआ मुश्किल! Smart PDS Portal के ट्रायल में अटकी आवेदन प्रक्रिया, नाम जोडऩे-हटाने में भी परेशानी

Smart PDS Portal: छत्तीसगढ़ में Smart PDS Portal के ट्रायल के चलते नए राशन कार्ड और नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया प्रभावित, हितग्राही कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर।
2 min read
Sep 17, 2026
Chhattisgarh Ration Card
Chhattisgarh Ration Card: स्मार्ट पीडीएस पोर्टल बना मुसीबत(photo-patrika group-)

Chhattisgarh Ration Card: छत्तीसगढ़ में नया स्मार्ट पीडीएस पोर्टल शुरू होने से पहले ही राशन कार्ड हितग्राहियों की परेशानी बढ़ गई है। पुराना पोर्टल बंद कर दिया गया है, जबकि नया पोर्टल फिलहाल ट्रायल में है। इसके चलते नए राशन कार्ड बनाने और परिवार के सदस्यों के नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया प्रभावित हुई है। कई मामलों में नए आवेदन भी स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। इससे हितग्राहियों को राशन कार्ड से जुड़े काम के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। नई ऑनलाइन व्यवस्था पूरी तरह शुरू होने के बाद ही लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Smart PDS Portal: ट्रायल के चलते अटकी आवेदन प्रक्रिया

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार नया स्मार्ट PDS पोर्टल ओपन हो रहा है और फिलहाल इसका ट्रायल चल रहा है। नई व्यवस्था में हितग्राहियों के लिए अलग लॉग-इन की सुविधा दी जाएगी। इसके जरिए लोग घर बैठे राशन कार्ड से जुड़े आवेदन ऑनलाइन कर सकेंगे। साथ ही आवेदन की स्थिति की मॉनिटरिंग भी खुद कर सकेंगे। हालांकि पोर्टल के ट्रायल में होने के कारण फिलहाल लॉग-इन और आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह शुरू नहीं हो पाई है।

करीब 500 आवेदन लंबित

पोर्टल में बदलाव के बीच राशन कार्ड से जुड़े करीब 500 आवेदन लंबित बताए जा रहे हैं। इनमें नए राशन कार्ड बनाने के साथ परिवार के सदस्यों के नाम जोड़ने और हटाने से संबंधित आवेदन शामिल हैं। आवेदन लंबित होने के कारण हितग्राहियों को संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

रायपुर जिले में 6.63 लाख राशन कार्ड

रायपुर जिले में कुल 721 उचित मूल्य दुकानें संचालित हैं। इनमें 299 दुकानें शहरी और 422 दुकानें ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। इन दुकानों से करीब 6.63 लाख राशन कार्ड जुड़े हुए हैं। ऐसे में राशन कार्ड बनाने या उसमें नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया प्रभावित होने से बड़ी संख्या में हितग्राहियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

एक माह पहले आवेदन, अब तक नहीं हुआ काम

केस-1: नाम हटाने के लिए किया था आवेदन

सुंदरलाल शर्मा वार्ड निवासी एक हितग्राही ने बताया कि राशन कार्ड से एक सदस्य का नाम हटाने के लिए 8 अगस्त को आवेदन किया था। आवेदन किए करीब एक माह बीत चुका है, लेकिन अब तक नाम हटाने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।

केस-2: नया राशन कार्ड भी नहीं बना

शहीद भगत सिंह वार्ड निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसने नए राशन कार्ड के लिए 11 अगस्त को आवेदन किया था। आवेदन किए करीब एक माह होने वाला है, लेकिन अभी तक राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।

ऑनलाइन सुविधा शुरू होने का इंतजार

नई व्यवस्था लागू होने के बाद हितग्राहियों को घर बैठे राशन कार्ड से जुड़े आवेदन करने की सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके लिए अलग लॉग-इन उपलब्ध कराया जाएगा और आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन देखी जा सकेगी। फिलहाल पोर्टल के ट्रायल के कारण हितग्राहियों को इस सुविधा के पूरी तरह शुरू होने का इंतजार है।

Updated on:
17 Sept 2026 10:02 am
Published on:
17 Sept 2026 10:00 am