
रायपुर@नारद योगी। Road Accident: छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रहे हिट एंड रन मामलों के बीच राजधानी रायपुर के धरसींवा क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने खेलते हुए सड़क पर पहुंचे 2 वर्षीय मासूम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, धरसींवा थाना क्षेत्र के सिलतरा स्थित सोनू-मोनू चौक के पास रहने वाले अक्षय सोनी का 2 साल का बेटा प्रिंस सोनी मंगलवार शाम अपने घर के आसपास खेल रहा था। खेलते-खेलते वह करीब शाम 4:30 बजे बायपास रोड की ओर पहुंच गया। इसी दौरान रायपुर की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक CG 04 NZ 4845 अनियंत्रित होकर मासूम की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। चालक बच्चे को बचाने का प्रयास भी नहीं कर सका और ट्रक की टक्कर से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही धरसींवा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा ट्रक को जब्त कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की समस्या को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बायपास मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन गति नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
मासूम प्रिंस की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।