
Teacher Recruitment: छत्तीसगढ़ में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए नौकरी पाने का अवसर है। लोक शिक्षण संचालनालय के अंतर्गत शिक्षक और सहायक शिक्षक के रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन मंगाए जा रहे हैं। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 30 अक्टूबर तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तारीख नजदीक होने के कारण अभ्यर्थियों को समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख 30 अक्टूबर निर्धारित की गई है। आवेदन के दौरान यदि किसी अभ्यर्थी से कोई गलती हो जाती है तो उसे सुधारने का अवसर भी दिया जाएगा। इसके लिए 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक की अवधि निर्धारित की गई है। अभ्यर्थी इस दौरान अपने आवेदन में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत शिक्षक और सहायक शिक्षक के अलग-अलग पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। शिक्षक के कुल 1654 पदों पर भर्ती होगी। इनमें ई-संवर्ग के 868 और टी-संवर्ग के 786 पद शामिल हैं। वहीं सहायक शिक्षक के कुल 2292 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें ई-संवर्ग के 795 और टी-संवर्ग के 1497 पद निर्धारित किए गए हैं। इस तरह शिक्षक और सहायक शिक्षक के दोनों पदों को मिलाकर कुल 3946 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
भर्ती के लिए लिखित परीक्षा की तारीखें भी निर्धारित कर दी गई हैं। सहायक शिक्षक पद के लिए परीक्षा 6 दिसंबर को आयोजित होगी, जबकि शिक्षक पद के लिए अभ्यर्थियों को 20 दिसंबर को परीक्षा देनी होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा की तैयारी के साथ आवेदन से जुड़ी सभी जरूरी जानकारियां और दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
इच्छुक अभ्यर्थी छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। भर्ती, आवेदन प्रक्रिया, पात्रता और परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए मंडल की वेबसाइट पर जारी आधिकारिक विज्ञापन और दिशा-निर्देश देखे जा सकते हैं।