रायपुर

IT Fellowship: ट्रिपलआईटी नवा रायपुर में आवेदन का आज आखिरी मौका, हर महीने मिलेंगे 50 हजार रुपए

Chhattisgarh news: मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप 2026 के तहत ट्रिपलआईटी नवा रायपुर में एमटेक (डाटा साइंस एवं AI) में आवेदन का आज अंतिम दिन।
2 min read
Jul 07, 2026
IT Fellowship
ट्रिपलआईटी नवा रायपुर (Photo Patrika)

Chhattisgarh IT Fellowship: तकनीकी क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप 2026 के तहत ट्रिपलआईटी (IIIT) नवा रायपुर में संचालित एमटेक (डाटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) पाठ्यक्रम में ऑनलाइन आवेदन करने का आज (मंगलवार) अंतिम अवसर है। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर इस विशेष फेलोशिप योजना का लाभ उठा सकते हैं। इससे पहले आवेदन की अंतिम तिथि 1 जुलाई निर्धारित की गई थी, जिसे बढ़ाकर अब मंगलवार कर दिया गया है। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, उनके पास आज आखिरी मौका है।

हर महीने मिलेगी 50 हजार रुपए की फेलोशिप

मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप 2026 के तहत चयनित विद्यार्थियों को प्रति माह 50,000 रुपए की फेलोशिप प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, एमटेक पाठ्यक्रम की पूरी ट्यूशन फीस का वहन राज्य सरकार करेगी, जिससे विद्यार्थियों पर आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा और वे उच्च गुणवत्ता वाली तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।

लाइव प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मिलेगा अवसर

यह फेलोशिप केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है। चयनित छात्रों को पढ़ाई के दौरान राज्य शासन के विभिन्न विभागों के लाइव प्रोजेक्ट्स पर कार्य करने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें वास्तविक कार्य अनुभव प्राप्त होगा और डिजिटल गवर्नेंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा डाटा साइंस के क्षेत्र में व्यावहारिक ज्ञान हासिल होगा।

आधुनिक तकनीक में विशेषज्ञ बनने का मौका

एमटेक (डाटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को उभरती तकनीकों में विशेषज्ञ बनाना है। इस पाठ्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल, शोध और नवाचार से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे वे सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में बेहतर करियर बना सकेंगे।

यहां मिलेगी पूरी जानकारी

फेलोशिप, पात्रता, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य आवश्यक जानकारियों के लिए अभ्यर्थी ट्रिपलआईटी नवा रायपुर की आधिकारिक वेबसाइट पर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा किसी भी प्रकार की सहायता के लिए 0771-2474048 और 0771-2474182 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप 2026 राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं को उच्च शिक्षा, शोध, तकनीकी नवाचार और सरकारी परियोजनाओं से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए आज आवेदन करने का अंतिम अवसर है।

Updated on:
07 Jul 2026 01:51 pm
Published on:
07 Jul 2026 01:51 pm