
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय (Photo Patrika)
CM IT Fellowship 2026: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राज्य शासन ने मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप 2026 के तहत एम.टेक. (डाटा साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) कार्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 7 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई थी।
मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को प्रतिमाह ₹50,000 की फेलोशिप प्रदान की जाएगी। इसके अलावा विद्यार्थियों की पूरी ट्यूशन फीस का खर्च छत्तीसगढ़ शासन वहन करेगा। इससे आर्थिक रूप से सक्षम और प्रतिभाशाली छात्रों को बिना वित्तीय बोझ के उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। यह विशेष कार्यक्रम नवा रायपुर स्थित IIIT-NR में संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डाटा साइंस के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें शासन की डिजिटल परियोजनाओं से जोड़ना है।
इस फेलोशिप की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि विद्यार्थियों को केवल कक्षा तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें राज्य शासन के विभिन्न विभागों में वास्तविक परियोजनाओं पर काम करने का अवसर भी मिलेगा। इन परियोजनाओं के माध्यम से छात्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और डाटा साइंस से जुड़े व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे। साथ ही वे शासन की डिजिटल सेवाओं, ई-गवर्नेंस और नवाचार आधारित योजनाओं को विकसित करने में भी अपनी भूमिका निभा सकेंगे।
इस कार्यक्रम के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक उम्मीदवार 7 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य विस्तृत जानकारी IIIT-NR की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले सभी दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कार्यालयीन समय में निम्न दूरभाष नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। 0771-2474048 0771-2474182
राज्य सरकार का मानना है कि मुख्यमंत्री आईटी फेलोशिप कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को अत्याधुनिक तकनीकों में दक्ष बनाकर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सकेगा। यह पहल न केवल युवाओं के कौशल विकास को बढ़ावा देगी, बल्कि छत्तीसगढ़ में डिजिटल गवर्नेंस और तकनीकी नवाचार को भी नई दिशा देगी।
Updated on:
27 Jun 2026 10:57 am
Published on:
27 Jun 2026 10:37 am
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
