
PCC Deepak Baij Statement: PCC दीपक बैज ने BJP पर साधा निशाना(Photo-patrika)
PCC Deepak Baij Statement: छत्तीसगढ़ रायपुर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि शिविर में जिला अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। प्रशिक्षण के जरिए संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ राज्य सरकार के खिलाफ जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की रणनीति तैयार की जा रही है।
बैज ने कहा कि प्रशिक्षण शिविर में कार्यकर्ताओं को अलग-अलग विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे जनता की समस्याओं और मुद्दों को प्रभावी तरीके से सामने रख सकें। उन्होंने कहा कि यह शिविर केवल संगठन मजबूत करने तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का भी हिस्सा है।
पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अभी से रणनीति बनाने में जुट गई है। पार्टी का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के बाद सभी जिला अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर संगठन को मजबूत करेंगे। बैज ने कहा, "हमारे जिलाध्यक्ष अर्जुन की तरह लक्ष्य साधकर कौरव सेना का मुकाबला करेंगे। हमारा लक्ष्य मछली की आंख है और भाजपा के छल-प्रपंच से प्रदेशवासियों को दूर करना है।"
कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर को लेकर मंत्री रामविचार नेताम के बयान पर दीपक बैज ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गांधीवादी विचारधारा की ट्रेनिंग देती है, गोडसे की विचारधारा की नहीं। बैज ने कहा कि यदि रामविचार नेताम कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में एक घंटे भी बैठ जाएं तो वह मंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे और भाजपा छोड़ देंगे।
चंदखुरी में भगवान श्रीराम की नई प्रतिमा स्थापना को लेकर दीपक बैज ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा भगवान राम के नाम पर राजनीति करती है। बैज ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय प्रतिमा बदलने का आदेश हुआ था और नई प्रतिमा स्थापित करने की बात कही गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल वोटों के ध्रुवीकरण की राजनीति करती है।
सोशल मीडिया पर हिंदू देवी-देवताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक पोस्ट मामले में दीपक बैज ने कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं को भड़काने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के लिए बुढ़ादेव भगवान शिव का विशेष महत्व है और ऐसे मामलों में तुरंत कदम उठाए जाने चाहिए। बैज ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बैज ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि छत्तीसगढ़ में UCC क्यों लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में आदिवासी आबादी है और पेसा कानून व पांचवीं अनुसूची से जुड़े प्रावधानों को कमजोर नहीं किया जाना चाहिए। बैज ने UCC को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए।
सक्ती गोलीकांड को लेकर कांग्रेस की जांच कमेटी पर बैज ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है कि छत्तीसगढ़ में भी अब दिनदहाड़े घटनाएं होने लगी हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की पांच सदस्यीय कमेटी पीड़ित परिवार से मुलाकात करेगी और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के मुद्दे पर कांग्रेस बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही है।
खाद की कमी और टोकन सिस्टम हटाए जाने के फैसले पर दीपक बैज ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और किसानों के विरोध के बाद सरकार को नियम बदलने पड़े। बैज ने सवाल उठाया कि सिर्फ टोकन सिस्टम हटाने से खाद की समस्या खत्म नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यदि खाद संकट के कारण किसी किसान को नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी।
Updated on:
27 Jun 2026 05:21 pm
Published on:
27 Jun 2026 05:20 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
