
चमोली टनल हादसे में रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा (photo Patrika)
Chamoli Tunnel Accident: उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में हुए टनल हादसे के बाद कई दिनों से चलाया जा रहा राहत और बचाव अभियान आखिरकार पूरा हो गया है। रेस्क्यू टीमों ने टनल में फंसे आखिरी लापता श्रमिक का शव भी बरामद कर लिया है। इसके साथ ही टनल में फंसे सभी श्रमिकों को बाहर निकाल लिया गया है। इस दर्दनाक हादसे में छत्तीसगढ़ के चार मजदूरों की मौत हुई है, जबकि प्रदेश के दो मजदूर घायल हुए हैं। दोनों घायलों का उपचार जारी है।
13 अगस्त को निर्माणाधीन टनल में अचानक पानी और मलबा घुसने से वहां काम कर रहे श्रमिकों को संभलने का ज्यादा मौका नहीं मिला। कुछ ही समय में टनल के भीतर पानी और मलबा जमा हो गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने तत्काल बचाव अभियान शुरू कराया। शुरुआती दौर में सबसे बड़ी चुनौती टनल के अंदर जमा पानी और भारी मलबे को हटाना था। इसके चलते बचाव दलों को अंदर तक पहुंचने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। रेस्क्यू टीमों ने पहले पानी निकालने और मलबा हटाने का काम शुरू किया। इसके लिए बड़े सक्शन पंप और आधुनिक उपकरणों का इस्तेमाल किया गया।
टनल के भीतर फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए बचाव दलों ने लगातार दिन-रात काम किया। टनल के अलग-अलग हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पानी और मलबे के बीच बचावकर्मियों ने बेहद सावधानी के साथ आगे बढ़ते हुए संभावित स्थानों पर मजदूरों की तलाश की। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी भी लगातार मौके पर मौजूद रहे। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान किसी तरह की अतिरिक्त परेशानी न हो और जरूरी संसाधन समय पर उपलब्ध रहें, इसके लिए लगातार निगरानी की गई।
कई दिनों तक चले सर्च अभियान के बाद रेस्क्यू टीमों ने टनल में फंसे आखिरी लापता मजदूर का शव भी बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद टनल के अंदर चल रहा सर्च ऑपरेशन समाप्त कर दिया गया। आखिरी शव को पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेज दिया गया है। इसके साथ ही प्रशासन की ओर से रेस्क्यू अभियान को पूरा घोषित कर दिया गया।
लोकेश्वर पुत्र सोन सिंह पोयम, छत्तीसगढ़
भुनेश्वर पुत्र सुरेन्द्र कुमार, छत्तीसगढ़
चेतन पोयाम पुत्र सोनधार पोयाम, छत्तीसगढ़
देवनाथ पुत्र धनसुराम बघेल, छत्तीसगढ़
सुनील दीवान पुत्र संतोश दीवान, उम्र 20 वर्ष, छत्तीसगढ़
पेन सिंह पुत्र पीला सिंह, उम्र 33 वर्ष, छत्तीसगढ़
Updated on:
18 Aug 2026 06:49 pm
Published on:
18 Aug 2026 06:48 pm
