
रायपुर में बारिश ( File Photo - Patrika )
Chhattisgarh Weather News: छत्तीसगढ़ में बीते तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। वहीं आज सुबह से हो रही बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। बारिश की गतिविधियां बढ़ने से एक बार फिर नदी नाले उफान पर है। इधर मौसम विभाग ने अगले 22 अगस्त तक बारिश की चेतावनी जारी की है। रायपुर में सुबह से रिमझिम फुहारों से तापमान में एकदम से गिरावट आ गई। इसके अलावा अन्य जिलों में दिनभर तेज बारिश का सिलसिला जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के असर से छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश की गतिविधियां जारी है। वहीं तापमान में गिरावट आई है। रायपुर में करीब 4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान नीचे आ गया है। मौसम विभाग ने 19 अगस्त को उत्तरी इलाकों के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई है। रायपुर समेत 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी रायपुर में बीते 24 घंटे के दौरान 64 मिमी बारिश दर्ज की गई है। जिले में अब तक कुल 756.6 मिमी पानी गिर चुका है, जो कि सामान्य औसत से 10 फीसदी ज्यादा है। वहीं, अगर पूरे प्रदेश की बात करें तो अब तक औसतन 717.5 मिमी बारिश हो चुकी है, जिसे सामान्य माना जा रहा है। राजधानी में सोमवार को दिनभर झड़ी जैसी स्थिति बनी रही। हालांकि, दोपहर के बाद बारिश कुछ समय के लिए रुकी। मौसम केंद्र के अनुसार, सोमवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक शहर में महज 6 मिमी पानी गिरा, जबकि इससे पहले बीती रात ही 58 मिमी बारिश रेकॉर्ड की जा चुकी थी।
प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। इस बीच कई जिलों में मंगलवार को सुबह 7 बजे से अगले तीन घंटों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में आकाशीय बिजली, 40 से 60 किमी की तेज रफ्तार से तेज हवा चलने और वर्षा की संभावना जताई गई है. इन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर और कोरिया में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य के प्रमुख बांधों और जलाशयों में पानी की तेज आवक से स्थिति बेहद संतोषजनक बनी हुई है। जल संसाधन विभाग द्वारा 17 अगस्त को जारी नवीनतम रिपोर्ट के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के 12 प्रमुख बांधों की कुल जीवित जल क्षमता 5355.71 एमसीएम है, जिसके मुकाबले अब तक 4802.84 एमसीएम यानी 89.68 फीसदी पानी भर चुका है। बारिश की यह रफ्तार बीते साल की तुलना में काफी बेहतर है।
पिछले वर्ष इसी तारीख तक इन बांधों में महज 81.15 फीसदी जलभराव ही दर्ज किया गया था। खारंग और मनियारी जैसे बड़े बांध पूरी तरह 100 फीसदी भर चुके हैं, जबकि कोडार में 99.26 फीसदी, मिनीमाता बांगो में 94.13 फीसदी और सोंडूर बांध में 89.59 फीसदी पानी आ चुका है। जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य के प्रमुख और मध्यम श्रेणी के सभी 46 जलाशयों को मिलाकर वर्तमान में कुल 5575.92 एमसीएम पानी जमा हो चुका है, जो कि उनकी कुल जीवित क्षमता का 87.67 फीसदी है।
यह आंकड़ा भी बीते साल की इसी अवधि (75.63 फीसदी) की तुलना में करीब 12 प्रतिशत अधिक है। पूरे प्रदेश में बीते 24 घंटों से लगातार झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से पूरे राज्य में व्यापक वर्षा हो रही है। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए 18 अगस्त को उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
Updated on:
19 Aug 2026 12:41 pm
Published on:
18 Aug 2026 03:47 pm
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
