
रायपुर. सहारा इंडिया के कैशियर को ठगने वाले नाइजीरियन गिरोह जैसे कई गिरोह हैं। देश की राजधानी में 20 हजार से अधिक नाइजीरियन रह रहे हैं। इनमें से आधे से ज्यादा लोग ठगी के कारोबार में लगे हैं। इसका खुलासा पकड़े गए नाइजीरियन ठगों ने पुलिस के सामने किया है। आरोपियों का कहना है कि कई लोगों के पासपोर्ट और वीजा की जांच समय-समय पर नहीं होती है।
आरोपियों के खुलासे के बाद रायपुर पुलिस ने विदेश मंत्रालय को पकड़े गए नाइजीरियन ठगों के वीजा और पासपोर्ट के संबंध में जानकारी मांगी है। उल्लेखनीय है कि सहारा इंडिया के कैशियर प्रदीप बड़ोले से नाइजीरियन फिडेलिस हैरिस इकेचु, मार्टिन योबन्ना न्वासोलिया, रापुलुचूक्वू इवारिस्टस नवावुजे ने दिल्ली के खुस्तर परवेज उर्फ अनवर, फिरोज अहमद, विनोद पासवान के साथ मिलकर 3 करोड़ से अधिक की राशि ठग लिया। आरोपियों ने कैशियर से लाखों डॉलर मुफ्त में देने का झांसा दिया था।
कहां गए 3 करोड़ 5 लाख
आरोपियों ने प्रदीप से अप्रैल-मई के करीब 20 दिन में 3 करोड़ 5 लाख से अधिक राशि अलग-अलग बैंक खातों में जमा करवाई थी। इसके बाद उस राशि का आहरण भी किया। इतनी राशि को आरोपियों ने कहां लगाया? इसकी जांच नहीं हो रही है। पुलिस भी आरोपियों से उगलवा नहीं पाई है कि ठगी की राशि कहां है? सूत्रों के मुताबिक आरोपियों ने ठगी की आधे से ज्यादा राशि सुरक्षित रखी है। पकड़े गए नाइजीरियनों ने पुलिस को नेचुरल हेयर का बिजनेस करना बताया था, लेकिन पुलिस को अभी तक बिजनेस से संबंधित कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है।
विदेश मंत्रालय को दी है सूचना
आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार करते समय पुलिस ने विदेश मंत्रालय को सूचना दी है। इसके साथ ही आरोपियों के वीजा और पासपोर्ट संबंधित जानकारी मांगी है। उनको किस तरह का वीजा मिला है? यह भी स्पष्ट नहीं है। तीनों ने खुद को बिजनेसमैन बताया है, पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने बिजनेस वीजा ही लिया होगा। उल्लेखनीय है कि पकड़े गए तीनों नाइजीरियन पिछले ६ से ८ साल से दिल्ली में रह रहे हैं। इस दौरान भारत के कई हिस्सों में ठगी किया है।
मार्टिंगों की तलाश में जाएगी टीम
आरोपियों का चौथा नाइजीरियन साथी मार्टिंगों फरार है। पुलिस उसकी तलाश के लिए दिल्ली जाएगी। हालांकि आरोपी के विदेश भागने की आशंका है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पकड़े गए नाइजीरियन ठगों ने दिल्ली और जबलपुर में बड़ी संख्या में नाइजीरियनों के रहने की जानकारी दी है। इनमें से कई लोगों का ऑनलाइन ठगी और धोखाधड़ी जैसे कार्यों में लिप्त होने का पता चला है। पकड़े गए आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद वीजा और पासपोर्ट के बारे में विदेश व गृह मंत्रालय को सूचना देकर जानकारी मांगी जा रही है।
संजय सिंह, टीआई, सेंट्रल क्राइम ब्रांच, रायपुर