
CG Vyapam Exam: ताबीर हुसैन। राजधानी में रविवार को दो प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की गईं। एक ओर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सहायक कमांडेंट (सीएपीएफ) परीक्षा हुई, वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) ने नगर सेना, अग्निशमन एवं एसडीआरएफ में फायरमैन के 117 पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा आयोजित की। फायरमैन भर्ती परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक हुई। 100 अंकों की इस परीक्षा में वस्तुनिष्ठ प्रकार के 100 प्रश्न पूछे गए। इनमें छत्तीसगढ़ सामान्य ज्ञान के 35, बुद्धि एवं विश्लेषण क्षमता के 25 तथा अग्निशमन संबंधी 25 प्रश्न शामिल थे।
यह भर्ती प्रक्रिया का दूसरा चरण था, जिसमें केवल शारीरिक दक्षता परीक्षा (फिजिकल) में सफल अभ्यर्थी शामिल हुए। प्रदेशभर में परीक्षा का उपस्थिति प्रतिशत 88.25 रहा, जबकि रायपुर में इसके लिए 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। छत्तीसगढ़ सामान्य ज्ञान में कुछ रोचक सवाल भी थे जिसमें से एक था- छत्तीसगढ़ में दशहरे पर सोनपत्ती देने की रस्म किसने शुरू की थी?
वहीं, यूपीएससी की सहायक कमांडेंट परीक्षा में रायपुर में 1704 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 538 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1166 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार परीक्षा में 31.57 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में मनोरोग विशेषज्ञों की भर्ती की जाएगी। छतीसगढ़ लोक सेवा आयोग की ओर से जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, मनोरोग विशेषज्ञ (बैकलाॅग) के 6 पदों पर भर्ती की जाएगी। आवेदन की प्रक्रिया 21 जुलाई से शुरू हो जाएगी। अभ्यर्थी 19 अगस्त तक आयोग की वेबसाइट से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
अभ्यर्थी के पास विषय विशेषज्ञता में स्नातकोत्तर उपाधि या पत्रोपाधि होना चाहिए। साथ ही राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग या राज्य चिकित्सा परिषद में वैध एवं जीवित पंजीयन होना भी अनिवार्य है। अभ्यर्थी आवेदन में त्रुटि सुधार निशुल्क 20 अगस्त, दोपहर 12 बजे से 22 अगस्त तक और सशुल्क त्रुटि सुधार - 23 अगस्त दोपहर 12 बजे से 25 अगस्त तक कर सकेंगे।
इन पदों के लिए अभ्यर्थियों के पास संबंधित विषय में स्नातकोत्तर उपाधि/डिप्लोमा होना आवश्यक है। इसके साथ ही राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC) या राज्य चिकित्सा परिषद में वैध एवं जीवित पंजीयन अनिवार्य होगा।