21 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

epaper_icon

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

CG Vyapam अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी! अटका हुआ परीक्षा शुल्क अब होगा वापस, नया link जारी

CG Vyapam: CG Vyapam ने लंबित परीक्षा शुल्क रिफंड वाले अभ्यर्थियों के लिए नया ऑनलाइन लिंक जारी किया है। उम्मीदवार अब अपने प्रोफाइल में बैंक डिटेल अपडेट कर रिफंड प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
2 min read
Google source verification
CG Vyapam Exam

CG Vyapam Exam: बड़ा अपडेट(photo-patrika)

CG Vyapam Refund: छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CG Vyapam) ने परीक्षा शुल्क रिफंड का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। जिन उम्मीदवारों की फीस तकनीकी कारणों से वापस नहीं हो सकी थी, उनके लिए प्रोफाइल में नया ऑनलाइन लिंक उपलब्ध कराया गया है। इस लिंक के माध्यम से अभ्यर्थी अपने बैंक खाते की सही जानकारी अपडेट कर सकते हैं। बैंक विवरण का सत्यापन होने के बाद लंबित रिफंड राशि संबंधित खाते में भेजी जाएगी। मंडल ने अभ्यर्थियों से जल्द से जल्द अपनी जानकारी अपडेट करने की अपील की है।

Exam Fee Refund: तकनीकी कारणों से अटकी थी रिफंड प्रक्रिया

मंडल की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, परीक्षा शुल्क ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से लिया जाता है और रिफंड भी उसी प्रक्रिया से किया जाता है। हालांकि, कई अभ्यर्थियों के मामलों में ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की समय-सीमा समाप्त होने या बैंक संबंधी तकनीकी कारणों के चलते राशि उनके खातों तक नहीं पहुंच पाई। इसी समस्या को दूर करने के लिए अभ्यर्थियों के प्रोफाइल में बैंक विवरण अपडेट करने का विकल्प उपलब्ध कराया गया है।

प्रोफाइल में जाकर अपडेट करें बैंक डिटेल

जिन अभ्यर्थियों को अभी तक आवेदन शुल्क वापस नहीं मिला है, वे CG Vyapam की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर अपने प्रोफाइल में उपलब्ध नए लिंक का उपयोग कर सकते हैं। यहां उन्हें अपना बैंक खाता नंबर, IFSC कोड और अन्य आवश्यक जानकारियां सही-सही दर्ज करनी होंगी। मंडल का कहना है कि बैंक विवरण का सत्यापन होने के बाद संबंधित खाते में रिफंड राशि भेज दी जाएगी।

परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को ही मिलता है लाभ

छत्तीसगढ़ में पहले व्यापम और पीएससी की परीक्षाओं को निशुल्क किया गया था, लेकिन बाद में नियमों में बदलाव कर आवेदन शुल्क दोबारा लागू किया गया। वर्तमान व्यवस्था के तहत केवल वे अभ्यर्थी, जो परीक्षा में शामिल होते हैं और छत्तीसगढ़ के मूल निवासी हैं, उन्हें आवेदन शुल्क वापस किया जाता है।वहीं, परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले उम्मीदवारों को रिफंड का लाभ नहीं मिलता।

साइबर कैफे से आवेदन करने वालों के लिए जरूरी सूचना

CG Vyapam ने अभ्यर्थियों को यह भी सलाह दी है कि यदि उन्होंने आवेदन किसी साइबर कैफे के माध्यम से किया है और भुगतान कैफे संचालक के बैंक खाते या यूपीआई से किया गया है, तो रिफंड की राशि भी उसी खाते में ट्रांसफर हो सकती है। ऐसे में अभ्यर्थियों को अपने बैंक विवरण अपडेट करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

अभ्यर्थियों के लिए राहत भरा कदम

CG Vyapam की यह पहल उन उम्मीदवारों के लिए राहत लेकर आई है, जो लंबे समय से अपने आवेदन शुल्क की वापसी का इंतजार कर रहे थे। मंडल ने अभ्यर्थियों से जल्द से जल्द अपने प्रोफाइल की जांच कर आवश्यक जानकारी अपडेट करने की अपील की है।