रायपुर

हर बहस में जीतने की जिद, कमजोर पड़ रहा संवाद और सहिष्णुता का रिश्ता, जानें कैसे बढ़ाएं सहनशीलता?

Tolerance Day: आजकल लोग अपनी बात रखने में जितने मुखर हैं, दूसरों की बात सुनने में उतना ही धैर्य खोते जा रहे हैं। छोटी-सी असहमति भी बहस और टकराव में बदल रही है।
2 min read
• •
Updated: 16 Nov 2026, 8:47 AM IST
Lack of Tolerance
हर बहस में जीतने की चाह बढ़ा रही टकराव (फोटो सोर्स- AI)

रायपुर@ताबीर हुसैन। International Tolerance Day: किसी की बात पसंद न आए तो बहस, विचार अलग हों तो टकराव और असहमति हो तो व्यक्तिगत टिप्पणी। आज सामाजिक व्यवहार में यह बदलाव चिंता का विषय बनता जा रहा है। परिवार से लेकर कार्यस्थल और सोशल मीडिया तक, लोग अपनी बात रखने में जितने मुखर हैं, दूसरे की बात सुनने और समझने में उतना ही धैर्य खोते नजर आते हैं। अंतरराष्ट्रीय सहिष्णुता दिवस (16 नवंबर) इस व्यवहार पर विचार करने का अवसर है। सवाल यह है कि क्या हम मतभेदों को सहजता से स्वीकार करने की क्षमता खो रहे हैं?

पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफेसर और मनोवैज्ञानिक डॉ. रोली तिवारी के अनुसार, आज लोग समझने के लिए नहीं, बल्कि जवाब देने और खुद को सही साबित करने के लिए सुनते हैं। मतभेदों का दुश्मनी में बदलना इसी मानसिकता का परिणाम है। रिश्तों में टकराव की वजह केवल विचारों का अलग होना नहीं, बल्कि एक-दूसरे की भावनाओं को अनसुना करना भी है। जब हर बहस जीतने का माध्यम बन जाती है तो आपसी समझ और भावनात्मक जुड़ाव कमजोर होने लगता है।

84 फीसदी मानते हैं दूसरे धर्मों का सम्मान जरूरी

प्यू रिसर्च सेंटर ने भारत के 29999 वयस्कों पर सर्वे किया था। प्रकाशित रिपोर्ट 'रिलिजन इन इंडिया: टॉलरेंस एंड सेग्रिगेशन' के अनुसार, 84 प्रतिशत भारतीयों का मानना है कि सच्चा भारतीय होने के लिए सभी धर्मों का सम्मान करना बहुत जरूरी है। वहीं, 80 प्रतिशत लोगों ने दूसरे धर्मों का सम्मान करने को अपने धार्मिक समुदाय का महत्वपूर्ण मूल्य माना।

डिजिटल दुनिया में बढ़ रहा विचारों का टकराव

युवाओं के बीच सोशल मीडिया भी विचारों के टकराव को बढ़ाने वाला एक माध्यम बन रहा है। लोग अक्सर अपनी पसंद और सोच से मेल खाने वाली सामग्री देखते हैं। इससे अलग विचारों को समझने और उन पर विचार करने के अवसर सीमित हो सकते हैं। मार्च 2025 में 'पीएनएएस नेक्सस' जर्नल में प्रकाशित एक शोध 'एंगेजमेंट, यूजर सैटिस्फैक्शन एंड द एम्प्लीफिकेशन ऑफ डिवाइजिव कंटेंट ऑन सोशल मीडिया' में एक्स (पूर्व में ट्विटर) के 806 उपयोगकर्ताओं के पोस्ट का अध्ययन किया गया।

बच्चों को सिखाना होगा असहमति का सम्मान

डॉ. रोली तिवारी , सहायक प्राध्यापक मनोविज्ञान, रविवि के मुताबिक, बच्चों और युवाओं को केवल अपनी बात रखना ही नहीं, बल्कि धैर्यपूर्वक दूसरों को सुनना भी सिखाना जरूरी है। परिवार में खुली चर्चा, स्कूलों में संवाद कौशल और समाज में अलग विचारों का सम्मान इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सहिष्णुता का अर्थ किसी की हर बात से सहमत होना नहीं, बल्कि असहमत होने के बावजूद उसके विचारों और भावनाओं का सम्मान करना है। सहिष्णुता कमजोरी नहीं, बल्कि मानसिक परिपक्वता की पहचान है। एक स्वस्थ समाज वही है, जहां विचार अलग हो सकते हैं, लेकिन सम्मान और संवाद की जगह बनी रहती है।

कैसे बढ़ाएं सहनशीलता?

  • समझने के लिए सुनें: सामने वाले की बात बीच में काटने के बजाय उसे पूरा सुनें।
  • तुरंत प्रतिक्रिया न दें: असहमति होने पर कुछ पल रुकें, गहरी सांस लें और फिर जवाब दें।
  • सवाल पूछें: किसी को गलत साबित करने के बजाय उसके नजरिए को समझने की कोशिश करें।
  • सोशल मीडिया का दायरा बढ़ाएं: केवल अपनी पसंद के विचार न देखें, दूसरे दृष्टिकोणों को भी जगह दें।
  • बहस को जीत-हार न बनाएं: बातचीत का उद्देश्य एक-दूसरे को समझना होना चाहिए, हर हाल में सही साबि त होना नहीं।
Updated on:
16 Nov 2026, 8:47 AM IST
Published on: