
रायपुर@राहुल जैन। Chhattisgarh Witness Protection Scheme 2026: आपराधिक मामलों में गवाही देने के कारण यदि किसी व्यक्ति या उसके परिवार की जान, सुरक्षा अथवा संपत्ति पर खतरा पैदा होता है, तो अब उसे अकेले इस जोखिम का सामना नहीं करना पड़ेगा। राज्य सरकार ऐसे गवाहों को सुरक्षा देने के साथ जरूरत पड़ने पर उनकी पहचान तक बदल सकेगी। उन्हें दूसरे स्थान या दूसरे राज्य में भी शिफ्ट किया जा सकेगा। इसके अलावा सुरक्षित आवास, कोर्ट आने-जाने के लिए पुलिस एस्कॉर्ट, घर के आसपास गश्त और जरूरी आर्थिक सहायता भी दी जा सकेगी।
राज्य सरकार ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 398 के तहत छत्तीसगढ़ साक्षी संरक्षण योजना, 2026 अधिसूचित की है। इसका उद्देश्य आपराधिक मामलों में गवाही देने वाले लोगों को धमकी, दबाव, उत्पीड़न और प्रतिशोध से बचाना है, ताकि वे बिना भय के न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग कर सकें।
योजना में गवाहों को खतरे की गंभीरता के आधार पर तीन श्रेणियों में बांटा गया है। श्रेणी-ए में जीवन पर विश्वसनीय खतरा होने पर सुरक्षा मिलेगी। श्रेणी-बी में शारीरिक सुरक्षा, प्रतिष्ठा, स्वतंत्रता या बड़ी संपत्ति पर खतरे को शामिल किया गया है। श्रेणी-सी में धमकी, उत्पीड़न, सामाजिक दबाव, डिजिटल माध्यम से निशाना बनाने और गवाही में हस्तक्षेप जैसे मामलों को रखा गया है।
गवाह स्वयं, उसके अधिकृत परिजन या वकील आवेदन कर सकेंगे। जांच अधिकारी, थाना प्रभारी, एसडीओपी, जेल अधीक्षक और लोक अभियोजक भी लिखित कारणों के साथ आवेदन कर सकते हैं। आवेदन उस जिले के सक्षम प्राधिकारी के सामने किया जाएगा, जहां अपराध हुआ है। इसके लिए भौतिक और सुरक्षित ऑनलाइन, दोनों माध्यम उपलब्ध होंगे। आवेदन मिलने के बाद पुलिस पांच कार्यदिवस में गोपनीय धमकी विश्लेषण रिपोर्ट तैयार करेगी। रिपोर्ट मिलने के बाद सक्षम प्राधिकारी को अगले पांच कार्यदिवस में आवेदन का निपटारा करना होगा। जीवन या शारीरिक सुरक्षा पर गंभीर और तत्काल खतरा होने पर एसपी अधिकतम सात दिन की अंतरिम सुरक्षा दे सकेंगे।
सुरक्षा आदेश सामान्यत अधिकतम तीन महीने के लिए होगा। आगे सुरक्षा जारी रखने के लिए समीक्षा और राज्य साक्षी संरक्षण प्राधिकरण की मंजूरी जरूरी होगी। पहचान बदलने, राज्य से बाहर स्थानांतरण और निर्धारित सीमा से अधिक बार-बार वित्तीय सहायता जैसे मामलों में भी प्राधिकरण की सहमति लेनी होगी। योजना के क्रियान्वयन के लिए राज्य और जिला स्तर पर व्यवस्था बनाई गई है। राज्य स्तर पर गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव या प्रमुख सचिव की अध्यक्षता में प्राधिकरण बनेगा। जिले में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली स्थायी समिति आवेदन पर निर्णय करेगी। जिले में आदेश लागू कराने की जिम्मेदारी एसपी की होगी।