रायपुर

CM Yogi Mother Passes Away: योगी आदित्यनाथ की मां का निधन, CM साय बोले- मां की जगह कोई नहीं ले सकता

CM Yogi Mother Savitri Devi Dies: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने पौड़ी जिले के पंचूर स्थित अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 3:08 PM IST
CM Yogi Mother Passes Away
योगी आदित्यनाथ की मां का निधन (फोटो सोर्स- X, CM Sai Twitter account)

CM Yogi Mother Passes Away: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं। निधन के समय उनके छोटे बेटे महेंद्र और परिवार के अन्य सदस्य घर पर मौजूद थे। सावित्री देवी के निधन की खबर से उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में शोक की लहर है। देशभर के नेताओं ने उनके निधन पर दुख जताते हुए श्रद्धांजलि दी। वहीं, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी शोक व्यक्त किया है।

CM साय ने जताया गहरा दुख

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया के माध्यम से योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।

सीएम साय ने अपने संदेश में कहा कि एक पुत्र के लिए मां ही उसकी पूरी दुनिया होती है। मां के स्नेह और आशीर्वाद का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता। दुख की इस घड़ी में उनकी गहरी संवेदनाएं योगी आदित्यनाथ और उनके शोकसंतप्त परिवार के साथ हैं। उन्होंने बाबा केदारनाथ से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

गोरखपुर में हैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मां के निधन की खबर मिलने के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में थे। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। इस दौरान उनका युवाओं के साथ भी कार्यक्रम तय था। निजी जीवन में दुख की इस घड़ी के बीच उनके निर्धारित कार्यक्रम जारी रहे।

फरवरी में मां से मिलने पहुंचे थे योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने व्यस्त कार्यक्रमों के बीच परिवार के लिए भी समय निकालते रहे हैं। इसी साल फरवरी में वह अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे, जहां उन्होंने मां सावित्री देवी से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना था। इससे पहले मई 2022 में उत्तर प्रदेश के दोबारा मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वह अपने गांव गए थे। फरवरी में मां के साथ उनकी तस्वीर भी सामने आई थी।

वर्ष 2020 में हुआ था पिता का निधन

योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन वर्ष 2020 में हुआ था। अब मां सावित्री देवी के निधन से परिवार ने अपना एक और अहम सदस्य खो दिया है। मां का रिश्ता हर व्यक्ति के जीवन में बेहद खास होता है। उनका स्नेह, आशीर्वाद और साथ जीवनभर बच्चों के लिए संबल बना रहता है। ऐसे में 91 वर्ष की उम्र में मां को खोना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के लिए गहरी व्यक्तिगत क्षति है।

Updated on:
20 Nov 2026, 3:08 PM IST
Published on: