रायपुर

Raipur: यूफोरिया में नन्ही प्रतिभाओं ने रामलीला व कृष्णलीला की दीं प्रस्तुतियां

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित श्री गुजराती इंग्लिश मीडियम हायर सेकंडरी स्कूल के जूनियर विंग का वार्षिकोत्सव आयोजित हुआ...
2 min read
• •
Updated: 22 Nov 2026, 7:41 PM IST
Raipur

Raipur:छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के देवेंद्रनगर स्थित श्री गुजराती इंग्लिश मीडियम हायर सेकंडरी स्कूल के जूनियर विंग का वार्षिकोत्सव यूफोरिया में नन्ही प्रतिभाओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों से मन मोह लिया।

गुजराती स्कूल के जूनियर विंग के नर्सरी से लेकर कक्षा पांचवीं तक के स्टूडेट्स के लिए आयोजित वार्षिकोत्सव का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं गणेश वंदना नृत्य से हुआ। इसके बाद नन्हे विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

शिवशक्ति महिमा, महिषासुर मर्दिनि की प्रस्तुति द्वारा भक्ति के रंग बिखेरे गए। रामलीला, कृष्णलीला की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। पंजाब, राजस्थान की यात्रा, दक्षिण भारत के रंग एवं देशभक्ति जैसी विविध प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति, परंपरा और कला के सुंदर रंग मंच पर बिखेरे।

ज्ञानोदय भवन में 21 नवंबर को आयोजित एनुअल डे यूफोरिया में मुख्य अतिथि के रूप में संरक्षक समिति के अध्यक्ष रामजी भाई पटेल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष जयन्ती भाई पटेल उपस्थिति रही। विद्यालय के प्राचार्य शैलेश शर्मा के विशेष मार्गदर्शन एवं उपप्राचार्यों के सहयोग से कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना तथा उनकी प्रतिभा को एक सशक्त मंच प्रदान करना था। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति कौशल को निखारने का अवसर मिला। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।