
प्रवीण श्रीवास्तव, रायसेन. एमपी में गेहूं किसान, कम खर्च में बंपर फसल लेने के लिए बड़ा प्रयोग कर रहे हैं। वे खेतों की मिट्टी में गैस का इंजेक्शन लगा रहे हैं। इससे जहां यूरिया का खर्च बच रहा है वहीं परिणाम भी अच्छे प्राप्त हो रहे हैं।96 साल पहले 1930 में अमरीका ने जिस तकनीक से खेती को बढ़ावा दिया अब वही तकनीक प्रदेश के खेतों में अपनाई जा रही है। यूरिया की कमी देखते हुए अब खेतों में अमोनिया गैस का इंजेक्शन लगाया जाएगा। गेहूं की बोवनी से पहले यह प्रयोग होगा। इससे मिट्टी में नाइट्रोजन की कमी दूर होगी। यूरिया पर निर्भरता कम होगी। विशेष मशीन से अमोनिया को मिट्टी में 15 सेमी नीचे इंजेक्ट करने के 72 घंटे बाद गेहूं की बोवनी होगी। पंजाब-हरियाणा में 2-3 साल से इसका प्रयोग चल रहा है। पहली बार रायसेन, विदिशा, सीहोर व भोपाल जिलों में प्रयोग हो रहा है। विदिशा में एक माह पहले हुए प्रयोग के बाद गेहूं की फसल लहलहा रही है।
बार-बार जरूरत नहीं
भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान भोपाल, एसीएमई समूह व कृषि विज्ञान कृषि विज्ञान केंद्र रायसेन के संयुक्त प्रयास से यह प्रदर्शन किया जा रहा है। तरल अमोनिया में 82 प्रतिशत नाइट्रोजन होती है, जबकि यूरिया में 46 प्रतिशत। वैज्ञानिकों का कहना है कि एक बार तरल अमोनिया के उपयोग से नाइट्रोजन की जरूरत पूरी हो जाती है। यूरिया 2-3 बार देना पड़ता है।
कृषि विज्ञान केंद्र प्रमुख डॉ. स्वप्निल दुबे ने बताया कि विदिशा में एक माह पहले प्रयोग हुआ। वहां गेहूं की फसल अच्छी है। अब रायसेन जिले के बगलवाड़ा, भारकच्छ, राजलवाड़ी और कराघाटी गांवों में प्रयोग हो रहा है।
भारतीय मृदा विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. एम मोहंती ने बताया, नाइट्रोजन की बढ़ती मांग देखते हुए वैकल्पिक उर्वरक पर अनुसंधान चल रहा है।
ग्रीन अमोनिया प्रदर्शन परियोजना के प्रधान अन्वेषक डॉ. प्रमोद झा ने बताया, इसका उद्देश्य तरल अमोनिया की कृषि उपयोगिता और इंजेक्टर मशीन की कार्यक्षमता का आकलन करना है।
अमरीका ने 96 साल पहले अपनाई तकनीक
अब मध्यप्रदेश में की शुरुआत
यूरिया की कमी दूर करने के लिए नया प्रयोग
खेतों में लगा रहे अमोनिया गैस का इंजेक्शन