
Sanchi Hardware Businessman Murder: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक कारोबारी की हत्या ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। जिले के सांची सांची थाना क्षेत्र में बदमाशो ने 26 वर्षीय हार्डवेयर कारोबारी राकेश लोधी की तलवार से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियो की तलाश के लिए कई टीमें गठित की है। पुलिस पुरानी रंजिश सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मैढकी निवासी राकेश लोधी सलामतपुर तिराहे पर हार्डवेयर की दुकान संचालित करता था। शनिवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद करने के बाद वह पास के मंदिर में आरती में शामिल हुआ। इसके बाद बाइक से घर लौटते समय गांव के पास तीन लोगो ने हाथ देकर उसे रोक लिया।
आरोपियों ने उसे घसीटकर सड़क किनारे झाड़ियों में ले गए और तलवार से हमला कर दिया। हमले में उसकी हथेली कटकर अलग हो गई और पेट सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गहरे घाव आए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। झाड़ियों में राकेश का कटा हुआ हाथ मिला। गंभीर रुप से घायल राकेश को उपचार के लिए भोपाल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार करीब 15 दिन पहले भी कुछ लोगों ने राकेश की आंखों में लाल मिर्च डालकर उसके साथ मारपीट की थी। इस घटना के बाद वह काफी डरा हुआ था। मृतक के पिता प्रताप सिंह ने किसी रंजिश से इंकार किया है। हालांकि हमले की बर्बरता को देखते हुए पुलिस पुरानी दुश्मनी, साजिश और अन्य सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
राकेश बचपन से अपने मामा के घर मेढ़की में रहता था। उसकी मां ने मेहनत कर उसके लिए हार्डवेयर की दुकान खुलवाई थी। इसी साल 12 मई को उसकी शादी वंदना लोधी से हुई थी। घटना के बाद से पत्नी और छोटा भाई बेसुध हैं। एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं और घटनास्थल व आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।