
Raisen Crime News: मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम डाबरा-इमलिया निवासी एक 22 वर्षीय युवक का शव गांव के पास स्थित खेत के तलाब में मिला है। 13 अगस्त की शाम किसी का फोन आने पर युवक बाइक से निकला था। युवक सिद्धार्थ सिंह (Siddharth Singh death) रात करीब 9 बजे परिजनों से 5 मिनट में वापस आने का बोलकर निकला था। लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। दो दिन तक तलाश के बाद 15 अगस्त को उसका शव खेत के तालाब में मिला।
मृतक के मामा इंद्रपाल सिंह ने बताया कि सिद्धार्थ अपनी बाइक से घर से निकला था। रात करीब 11 बजे तक उसका मोबाइल चालू था, इसके बाद फोन बंद हो गया। परिजन रातभर उसके लौटने का इंतजार करते रहे। 14 अगस्त को तलाश शुरू करने के साथ थाना कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। 15 अगस्त को सिद्धार्थ के बड़े पिता महेंद्र सिंह खेत की ओर गए थे। वहां उन्होंने तालाब में सिद्धार्थ को पड़ा देखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से उसे तालाब से बाहर निकाला। उसकी जेब में मोबाइल रखा मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। शव जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
सिद्धार्थ जिस बाइक से गया था, वह तालाब से करीब 200 मीटर दूर खड़ी मिली। इसी बात को लेकर परिजन घटना को संदिग्ध मान रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिस यह पता लगाए कि सिद्धार्थ को रात में फोन कर बुलाने वाला व्यक्ति कौन था और उसके बाद उसके साथ क्या हुआ। थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल ने बताया कि जांच शुरू कर दी है। जिस व्यक्ति का फोन सिद्धार्थ के पास आया था, उसकी पहचान कॉल डिटेल के आधार पर की जाएगी। मर्ग कायम कर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार युवक की मौत तालाब में डूबने से हुई है।
परिजनों से पूछताछ करने के बाद पुलिस को जानकारी मिली कि मृतक सिद्धार्थ को घर से निकलने से पहले एक कॉल आया था। वह फोन बात करते हुए घर से बाहर निकला और बाइक लेकर निकल गया। पुलिस अब सिद्धार्थ के फोन की जांच में जुट चुकी है जिससे पता चल सके कि सिद्धार्थ को अंतिम बार किसने कॉल किया था।