रायसेन

पलभर में उजड़ गई पूरी गृहस्थी, सिलवानी में आग ने निगला टेंट व्यवसायी का घर, कार-बाइक के साथ अनाज तक खाक

Saikheda Fire : सिलवानी के साईखेड़ा में भीषण अग्निकांड टेंट व्यवसायी गौर परिवार का आशियाना खाक, 3 लाख रुपए नगद समेत लाखों की गृहस्थी व गाड़ियां जलकर राख।
2 min read
• •
Updated: 7 Nov 2026, 11:56 AM IST
Saikheda Fire
सिलवानी के साईखेड़ा में भीषण आग (फोटो सोर्स: Patrika)

Raisen News :मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के अंतर्गत आने वाले सिलवानी इलाके के ग्राम साईखेड़ा में बीती रात करीब 2 बजे भीषण आग लगने का मामला सामने आया है। यहां के प्रतिष्ठित टेंट हाउस व्यवसायी प्रेमनारायण गौर के स्टेट हाइवे 15 पर बने आवासीय मकान में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई।

आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि, उन्होंने चंद मिनटों में ही पूरे आशियाने को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में पीड़ित परिवार के अनुसार घर में रखी लगभग 3 लाख की नगदी, टेंट हाउस का कीमती सामान, कृषि यंत्र और कई क्विंटल अनाज (गेहूं, चना, सोयाबीन) जलकर पूरी तरह खाक हो गए हैं।

दीवारों में आईं दरारें, वाहन भी झुलसे

आग की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पक्के मकान की मजबूत दीवारें भी इसकी तपिश नहीं झेल सकीं और उनमें बड़ी-बड़ी दरारें आ गईं। घर के अंदर रखा पूरा घरेलू सामान जैसे फ्रिज, टीवी, वाशिंग मशीन, बेड और अलमारी पल भर में राख के ढेर में तब्दील हो गए। वहीं, घर के बाहर खड़ी एक स्विफ्ट डिजायर कार और टीवीएस कंपनी कि स्टार सिटी मोटरसाइकिल भी इस आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गई।

गनीमत रही सीढ़ियों के रास्ते सुरक्षित निकल गया परिवार

इस भयावह मंजर के बीच सबसे बड़ी राहत और चमत्कार की बात यह रही कि आधी रात को आग भड़कने के बाद भी परिवार समय रहते जाग गया। मकान के भीतर बनी सीढ़ियों के सहारे पूरा परिवार सुरक्षित बाहर निकाला गया जिससे एक बहुत बड़ी जनहानि होने से टल गई। सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

हजारों ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, सिलवानी फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

रात 2 बजे जैसे ही इस घटना की खबर मोहल्ले से होते हुए पूरे गांव में फैली, इंसानियत की मिसाल देखने को मिली। चीख-पुकार सुनकर देखते ही देखते हजारों की संख्या में ग्रामीण रात में ही मदद के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने तुरंत अपने स्तर पर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। इसी बीच सूचना मिलते ही सिलवानी नगर परिषद की फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। फायर फाइटर्स और ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

सुबह से लगा शुभचिंतकों का तांता

गौर परिवार की साईखेड़ा नगर और आसपास के क्षेत्र में टेंट व्यवसायी के रूप में एक बेहद सम्मानित और अच्छी पहचान है। सुबह होते ही जैसे ही यह दुखद खबर क्षेत्र में फैली, पीड़ित परिवार का हाल-चाल जानने और उन्हें ढांढस बंधाने के लिए उनके निवास पर शुभचिंतकों, ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों का तांता लग गया है। हर कोई इस संकट की घड़ी में गौर परिवार के साथ खड़ा नजर आ रहा है। पीड़ित परिवार ने शासन और प्रशासन से तत्काल मौके का मुआयना कर उचित मुआवजे की मांग की है।

Updated on:
7 Nov 2026, 11:56 AM IST
Published on: