
रायसेन। शहर के अठारह वार्डों में 15 कॉलोनियों में रहने वाली करीब 15 हजार की आबादी के लिए बारिश का मौसम हर साल खासी आफत लेकर आता है। वहीं इस बार भी नगरपालिका की अनदेखी के चलते इन कॉलोनिवासियों को फिर से क्षेत्र में पानी भरने का डर सताने लगा है।
दरअसल इन बस्तीयों के निचले इलाकों में में सालभर जलभराव की स्थिति बनीं रहती है। पानी निकासी के अभाव में खाली प्लॉट और ताल तलैया गड्ढे लबालब गंदा पानी व कचरे से भरे रहते हैं। जो संक्रामक बीमारियों को बढ़ावा देते हैं। सफाई की कमी व पालिका की अनदेखी के चलते यहां बने घरों के आसपास गड्ढों में बारिश का गंदा पानी भर जाता है।
वहीं कई क्षेत्रों में तो सालभर ही यह पानी जमा रहता है। गंदे पानी के अलावा कचरा कूड़ा भी इसमें पहुंचकर सडांध मारता रहता है।
घरों से बाहर निकलने वाला गंदा पानी भी यहां जमा होता है। लेकिन इस संबंध में कई बार शिकायत करने के बावजूद नगरपालिका के जिम्मेदार इस समस्या को लेकर न तो सीरियस होते दिखते हैं और न ही इस ओर किसी प्रकार का ध्यान दे रहे हैं।
बारिश में जटिल समस्याओं से जूझना बना मजबूरी...
बरसात के दौरान इन क्षेत्रों के रहवासियों को भारी परेशानी आती है। इस साल भी पालिका की अनदेखी के चलते पानी भराव की समस्या से लोगों को बारिश में दो चार होना पड़ सकता है।
रहवासियों द्वारा नगरपालिका के सीएमओ और नपाध्यक्ष जमनासेन को जलभराव की समस्या से अवगत कराते हुए आवेदन भी दिए जा चुके हैं। लेकिन जिम्मेदार अधिकारी जनप्रतिनिधि इस जटिल समस्या के समाधान के प्रति जरा से भी चिंतित नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे में जबकि बारिश का मौसम सिर पर आ चुका है, क्षेत्र के लोगों में फिर समस्या को लेकर चिंता सताने लगी है।
ये कॉलोनियां हैं प्रभावित...
जानकारी के अनुसार हर साल बारिश में मनोरमा कॉलोनी वार्ड-4,नबावपुर,श्रीराम नगर कॉलोनी,भारत नगर कॉलोनी,वीआईपी कॉलोनी,अर्जुन नगर वार्ड 15,रामनगर क्षेत्र ,हनुमान मंदिर अर्जुननगर वार्ड 15 के रहवासियों को परेशानियों से दो चार होना पड़ता है, इससे बचने के लिए वे हर बार नगरपालिका को पूर्व में ही अवगत भी कराते हैं। लेकिन अफसरों की लापरवाही के चलते उन्हें हर साल इन परेशानियों से जुझना पड़ता है।
ये होती है स्थिति...
सागर भोपाल स्टेट हाईवे पर एक शॉपिंग कॉम्पलेक्स के सामने से नाले का पानी इन क्षेत्रों केे घरों के अंदर प्रवेश कर जाता है।वहीं पटेल नगर वार्ड 11,12,शिवोम नगर कॉलोनी,नई तहसील कालोनी वार्ड 9,श्याम नगर कॉलोनी वार्ड 17 ,अशोक नगर वार्ड 13 पुलिस 96 आवास वार्ड 4 में कच्ची पुलिया के गंदे नाले का पानी कॉलोनी में भर जाता है।
इसके अलावा जिला पशु चिकित्सालय में कर्मचारियों के आवास के सामने ही तालाब जैसे नजारे देखने अभी से मिलने लगे हैं। इसी तरह वार्ड 4 में ही प्रिंस विहार कॉलोनी,सांईबिहार कॉलोनी,शरीफ नगर कॉलोनी, वार्ड ३ अस्पताल कैंपस के डॉक्टर कर्मचारी आवास में भी पीछे का गंदा पानी सालभर आसपास जमा रहता है।
इसके अलावा पूर्व पार्षद रश्मि सिंह रमेश राघव के मकान के समीप नाले का पानी हर साल घरों में प्रवेश कर जाता है। यह सारी समस्या पानी की निकासी के अभाव में पैदा होती है। श्रीराधाकृष्णपुरम कॉलोनी आदि क्षेत्रों में जलभराव के हालात हर साल बरसात में बनते हैं।
ये हैं खास कारण...
इन क्षेत्रों के रहवासियों द्वारा नपा सीएमओ ज्योति सुनेरे का एक बार फिर से आवेदन देकर जल निकासी के इंतजाम कराए जाने का आग्रह किया है। जानकारों का मानना है कि यदि समय रहते नगरपालिका का अमला नहीं चेता तो लोग जल भराव की समस्या का सामना करने के लिए मजबूर होंगे। इसके साथ ही कई स्थानों पर दबंगों ने नालों पर अतिक्रमण करने से भी बन रही है। नालियों पर भी ओटला बनाकर कब्जा जमा लिया है। ऐसी स्थिति में प्रतिदिन नालियों की सफाई भी ठीक तरह से नहीं हो पाती है।
नई कॉलोनियां तो बनी पर सुविधाएं नहीं...
जानकारों के मुताबिक शहर में कई नई कॉलोनियां विकसित तो कर दीं गई ।लेकिन वहां पानी निकासी की समुचित इंतजाम नहीं होने की वजह से मूसलाधार बारिश में पानी घरों व आम रास्तों में घुसता है। तेज बारिश होने पर सड़कों का गंदा पानी भी सड़क किनारे घरों में घुस जाता है।
सामने आ रही जानकारी के अनुसार नगरपालिका के अधिकारियों की लापरवाही के चलते शहर की करीबन 50 हाजार आबादी में से 15 हजार की आबादी इस जटिल समस्या से चौमासे भर परेशान रहती है।
शहर में जहां जल भराव की समस्या अधिक है। उन स्थानों को चिन्हित कर जल निकासी के इंतजाम बारिश से पहले ही कर देंगे।इस साल रहवासियों को बारिश में बिल्कुल परेशान नहीं होने दिया जाएगा। आमजन इस बार बिल्कुल चिंता नहीं करें।
- जमना सेन अध्यक्ष नगरपालिका परिषद रायसेन