
Rajgarh Ganesh Pandal Electrocution Incident: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कुरावर में रविवार शाम गणेश उत्सव की तैयारियों के दौरान टॉकीज मोहल्ले में हादसा हो गया। राजा गणेश झांकी पंडाल में विद्युत तार लगाते समय करंट की चपेट में आने से 17 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोग युवक को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
टॉकीज मोहल्ला निवासी बलराज पिता राजेंद्र सिंह तोमर उर्फ गोपाला (17) रविवार शाम करीब 4.30 बजे झांकी पंडाल में कार्यक्रम की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान विद्युत तार लगाते समय उसे करंट लग गया। बलराज को करंट लगते ही मौके पर अफरातफरी मच गई और मौजूद लोग घबरा गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी उसके चाचा भूपेंद्र तोमर को दी। इसके बाद परिजन और मोहल्लेवासी तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरावर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद गणेश उत्सव के लिए लगाए गए झांकी पंडालों में विद्युत सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। नगर में इस वर्ष करीब 30 से 40 स्थानों पर गणेश पंडाल लगाए गए हैं। कई समितियां पंडाल और झांकी की सजावट पर बड़ी राशि खर्च करती हैं, लेकिन विद्युत तारों और केबल की सुरक्षित व्यवस्था को लेकर स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है। शांति समिति की बैठकों में विद्युत विभाग द्वारा गणेश उत्सव समितियों को नियमानुसार अस्थाई विद्युत कनेक्शन लेने की जानकारी दी जाती है। इसके बावजूद कई जगह अस्थाई कनेक्शन के बजाय विद्युत लाइन या केबल से सीधे कनेक्शन लेने की बात सामने आती रही है। पंडालों के आसपास बेतरतीब तरीके से विद्युत तार और केबल पड़े रहने से हादसे का खतरा बना रहता है।