
police parade accused make them do sit ups head constable assault, घटनास्थल पर आरोपियों को ले जाती पुलिस (Source-Patrika)
Rajgarh Police Accused Sit Ups: मध्यप्रदेश के राजगढ़ में किला गेट के पास गणेश उत्सव की ड्यूटी कर रहे प्रधान आरक्षक के साथ मारपीट और लूट के मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के बाद उन्हें घटनास्थल पर ले जाकर उठक-बैठक लगवाई। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालकर उसी स्थान पर पहुंचाया, जहां प्रधान आरक्षक के साथ विवाद और मारपीट हुई थी। यहां आरोपियों से कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई गई और भविष्य में अपराध नहीं करने का संकल्प दिलाया गया।
मामला 19 सितंबर की रात का है। प्रधान आरक्षक नंदकिशोर मीणा किला गेट क्षेत्र में गणेश उत्सव की ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान कुछ युवक तेज रफ्तार से मोटरसाइकिल चलाते हुए बाजार से निकले। प्रधान आरक्षक ने उन्हें बाजार में तेज गति से वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी। आरोप है कि कुछ देर बाद युवक मोटरसाइकिल खड़ी कर एकजुट होकर वापस आए और प्रधान आरक्षक के साथ गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उनकी वर्दी फाड़ दी गई। प्रधान आरक्षक की जेब से पांच हजार रुपए नकद तथा पर्स में रखे एक हजार रुपए और दस्तावेज भी ले जाने का आरोप है।
प्रधान आरक्षक की रिपोर्ट पर पुलिस ने झंझारपुर निवासी भारत तंवर, अनारसिंह तंवर, ललित तंवर, कालू तंवर, राकेश तंवर, राजेश तंवर और धर्मेंद्र तंवर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआइआर दर्ज की है। मामले में शासकीय कार्य में बाधा, लूट, गाली-गलौज, मारपीट, धमकी और मोटर व्हीकल एक्ट सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। टीआइ मंजू मखेनिया ने बताया कि आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर कार्रवाई की गई और उन्हें भविष्य में इस तरह की घटना नहीं करने की समझाइश देते हुए अपराध से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
20 Sept 2026 08:41 pm
Published on:
20 Sept 2026 08:34 pm
