
bjp mla hazari lal dangi angry at tehsildar, मंच पर तहसीलदार पर नाराजगी जताते विधायक हजारीलाल दांगी (Source-Patrika)
राजगढ़ से राजेश विश्वकर्मा की रिपोर्ट
Rajgarh BJP MLA Hazari Lal Dangi Angry: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत गोघटपुर में लगे शिविर में खिलचीपुर विधायक हजारीलाल दांगी तहसीलदार सुनील वर्मा की कार्यप्रणाली को लेकर खुलकर नाराज हो गए। उन्होंने जीरापुर-माचलपुर की जिम्मेदारी संभाल रहे तहसीलदार सुनील वर्मा पर नामांतरण प्रकरणों को अनावश्यक रूप से रोकने और किसानों को परेशान करने के आरोप लगाए। मंच से विधायक ने कहा कि तहसीलदार हर काम में रोड़ा लगा रहे हैं, एक आदमी भी इनसे खुश नहीं है।
विधायक हजारीलाल दांगी ने कहा कि करीब डेढ़ सौ अटके नामांतरण प्रकरणों की रिपोर्ट कलेक्टर को दे चुके हैं, इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। विधायक ने तहसीलदार से कहा कि किसानों को अनर्गल परेशान करना बंद करें और नामांतरण के मामलों में तेजी लाएं। आधार सहित अन्य मामलों में भी लोगों को परेशानी होने की शिकायत का हवाला देते हुए उन्होंने तहसीलदार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
विधायक की नाराजगी के बीच तहसीलदार सुनील वर्मा ने मंच से सफाई दी कि वे जानबूझकर नामांतरण प्रकरण नहीं रोक रहे हैं। जहां दस्तावेज या प्रक्रिया में कमी है, उन्हीं प्रकरणों को रोका जा रहा है। इस बीच जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले ने कहा कि 15 दिन की समयावधि में आप लोग संबंधित को बुलाओ, जो कमियां हैं, उन्हें दूर करवाएं। जो प्रकरण निरस्त किए गए हैं, उनमें आवश्यक दस्तावेज लगवाएं और उनकी निगरानी करें, लेकिन किसी को परेशान न करें।
शिविर के दौरान एक शिकायतकर्ता ने बताया कि बारिश में उसका मकान ढह गया था। पटवारी ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया और उसने माचलपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि तहसीलदार के पास पहुंचने पर उसे शिकायत वापस लेने के लिए डराया गया और कहा गया कि शिकायत वापस नहीं ली तो केस बना दिया जाएगा। इस पर विधायक ने किसानों को परेशान किए जाने की बात कहते हुए नाराजगी जताई।
विधायक के सवाल पर एसडीएम ज्योति राजोरे ने कहा कि नामांतरण प्रकरण निरस्त होकर अपील में आते हैं तो उनका प्राथमिकता से निराकरण किया जाएगा। संबंधित तहसीलदार से भी प्रकरण निरस्त करने के कारणों का स्पष्टीकरण लिया जाएगा। इस पर विधायक ने कहा कि तहसीलदार को खुद बुलाएंगे और स्पष्टीकरण लिया जाएगा कि आखिर क्या हो रहा है।
Updated on:
18 Sept 2026 08:52 pm
Published on:
18 Sept 2026 08:52 pm
बड़ी खबरें
View Allराजगढ़
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
