राजगढ़

राजगढ़ फोरलेन पर कार का कहर! बाइक सवारों को 3 बार टक्कर मारकर 50 मीटर घसीटा, 2 घायल

4 Lane Bypass Accident : कार चालक ने बाइक को पीछे से न सिर्फ टक्कर मारी, कार रिवर्स लेकर दो बार और कुचलने की कोशिश की। पुलिस मामले की जांच में जुटी।
2 min read
4 Lane Bypass Accident
घटना के बाद मौके का मुआयना करती पुलिस (फोटो सोर्स: Patrika)

Rajgarh News :मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में स्थित फोरलेन बायपास पर अस्पताल रोड के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक घायल हुए हैं, जिसमें एक बाइक चालक को गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया। एक घायल ने हादसे के बाद कार चालक पर दोबारा कार चढ़ाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

हादसे में घायल बाइक सवार के मुताबिक, कार चालक ने पहले उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मारी, जिसकी वजह से दोनों युवक सड़क पर गिर गए। इसके बाद चालक ने कार को रिवर्स लिया और फिर उनकी ओर कार दौड़ाई। आरोप है कि, बाइक सवारों को करीब तीन बार टक्कर मारने की कोशिश की गई है।

मौके पर मचा हड़कंप

घटना में 28 वर्षीय मुकेश शाक्यवार, पिता विनोद शाक्यवार निवासी वार्ड-3 और उसके पीछे बैठा दोस्त गोपाल दांगी निवासी मोहनीपुरा घायल हुए हैं। दोनों एक दोस्त की बाइक से होटल जाने के लिए निकले थे। तभी अस्पताल रोड के पास पीछे से आई कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।

कार छोड़कर भागा आरोपी चालक

वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि, टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान कार चालक ने वाहन को रिवर्स लेने और दोबारा बाइक सवारों की ओर बढ़ाने का आरोप है। घटना के बाद ऑटो चालक संतोष मेवाड़े ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों का उपचार शुरू किया। वहीं, आकाश की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। वहीं, आरोपी चालक कार छोड़कर मौके फरार हो गया।

कार चालक ने 50 मीटर तक घसीटी बाइक

घायल गोपाल दांगी ने बताया कि, पीछे से किसी कार ने टक्कर मारी। टक्कर लगते ही वो बाइक से उछलकर दूर जा गिरा। फिर दोबारा दो बार और कार आगे-पीछे कर कार चढ़ाने का प्रयास किया। अगर वो बाइक से दूर न होता वो और बड़े हादसे की शिकार हो सकता था। उसकी जान बाल-बाल बची है। पीड़ित ने ये भी बताया कि, आरोपी कार चालक ने इसी पर बस नहीं किया, तीन बार टक्कर मारने के बाद वो बाइक को कार से घसीटते हुए 50 से ज्यादा दूर तक ले गया। ऐसे में अगर वो बाइक में फंस जाते तो उनकी जान जाना तय थी। पीड़ित के अनुसार, कार में 2 लोग सवार थे, एक टक्कर मारते ही कार से उतरकर भाग निकला।

पुरानी रंजिश की बात भी सामने आई

घायल पक्ष ने कार चालक की पहचान इंद्रा नगर में रहने वाले विनोद शाक्यवार के रूप में की है। साथ ही, दोनों पक्षों के बीच पुरानी पारिवारिक रंजिश होने का आरोप भी लगाया है। बताया जा रहा है कि, शराब के नशे में विवाद हुआ था, नशे में ही कहासुनी के बाद हादसा हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है कि, घटना सामान्य सड़क हादसा थी या इसके पीछे कोई पुराना विवाद था। फिलहाल घटना को लेकर पुलिस जांच में जुटी है।

एक फरार, दूसरा गिरफ्तार, पूछताछ में जुटी पुलिस

मामले को लेकर ब्यावरा के देहात थाना प्रभारी प्रवीण जाट का कहना है कि, मौके पर टीम समेत पहुंचे थे, घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शुरुआती तफ्तीश में आपसी विवाद का मामला सामने आया है। फिलहाल, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कार चालक शराब नशे में था, कार जब्त करने के साथ ही चालक को पकड़ लिया गया है। फिलहाल, आरोपी से पूछताछ जारी है।

Updated on:
05 Oct 2026 05:35 pm
Published on:
05 Oct 2026 04:18 pm