
Rajgarh BJP Leader Controversy: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठनात्मक कार्रवाई को लेकर अंदरूनी नाराजगी अब खुलकर सामने आ गई है। जिला उपाध्यक्ष श्रवण पाटीदार पर अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों में एफआइआर दर्ज होने के बावजूद पार्टी स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज इकलेरा शक्ति केंद्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफे देने का निर्णय लिया है।
शनि मंदिर परिसर में हुई बैठक में मंडल पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र संयोजकों, बूथ अध्यक्षों और पन्ना प्रमुखों ने अपने पद छोड़ने की घोषणा की। कार्यकर्ताओं ने साफ कहा कि जब संगठन में उनकी शिकायतों की सुनवाई ही नहीं हो रही तो पदों पर बने रहने का औचित्य नहीं है। चेतावनी दी कि कार्रवाई नहीं हुई तो आसपास के 20 से 25 गांवों के कार्यकर्ता भी इस्तीफे दे सकते हैं।
मामले की शुरुआत ग्राम इकलेरा की बंद नलजल योजना को लेकर हुई। शक्ति केंद्र संयोजक नीरज शर्मा ने योजना बंद होने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर की थी। आरोप है कि 14 अक्टूबर को जनपद के कर्मचारियों ने योजना चालू बताते हुए शिकायत को गलत निरूपित कर बंद करवा दिया। इसके बाद 16 अक्टूबर को तलेन में मुख्यमंत्री जनविश्वास कार्यक्रम के दौरान नीरज शर्मा ने कलेक्टर को आवेदन देकर अधिकारियों पर सीएम हेल्पलाइन में गलत जानकारी देने का आरोप लगाया। इसके बाद ही 22 अक्टूबर को जिला उपाध्यक्ष और सरपंच श्रवण पाटीदार ने नीरज शर्मा को फोन कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। नीरज शर्मा की ओर से तलेन थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
बता दें कि जिला उपाध्यक्ष श्रवण पाटीदार के द्वारा नीरज शर्मा के साथ गालीगलौच किए जाने का ऑडियो भी सामने आया था। इस ऑडियो क्लिप में श्रवण पाटीदार को गालियां देते सुनाई दे रहे थे। इतना नहीं मामला सामने आने के बाद राजगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर की ओर से जिला उपाध्यक्ष श्रवण पाटीदार को नोटिस जारी किया गया था। नोटिस में पहले भी एक पत्रकार के साथ विवाद का मामला सामने आने और अब गाली-गलौज का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का उल्लेख करते हुए तीन दिन के अंदर जवाब मांगा था। आरोप है कि नोटिस के बाद भी कोई कार्रवाई जिला उपाध्यक्ष पर नहीं की गई है।