
(रिपोर्ट - राजेश विश्वकर्मा, राजगढ़)
BJP Leader Death Threat to Engineer- मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से भाजपा नेता की सरेआम गुंडागर्दी करने का मामला सामने आया है। भाजपा नेता ने यंत्री एवं उपयंत्री को उनका बताया काम नहीं करने जान से मारने की धमकी भी दी। मामला खिलचीपुर जनपद पंचायत का है। यहां पदस्थ प्रभारी सहायक यंत्री एवं उपयंत्री विनय कुशवाह की शिकायत पर भाजपा समर्थित जनपद अध्यक्ष के प्रतिनिधि एवं पति सुनील नैनावद के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जनपद अध्यक्ष कक्ष में बुलाकर उनसे अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस को दिए आवेदन में उपयंत्री विनय कुशवाह ने बताया कि 25 जून को वे जनपद पंचायत कार्यालय में शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता सुनील नैनावद का फोन आया और जनपद अध्यक्ष कक्ष में बुलाया गया। शिकायत के अनुसार दोपहर करीब दो बजे जब वे कक्ष में पहुंचे तो वहां सुनील नैनावद मौजूद थे। उपयंत्री का आरोप है कि बातचीत के दौरान उनसे ग्राम पंचायतों की सड़कों से संबंधित कार्यों को स्वीकृत कराने और प्राथमिकता से कराने के लिए कहा गया। उन्होंने नियमानुसार कार्य किए जाने की बात कही तो आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि सुनील नैनावद ने उनसे कहा कि 'मेरा काम कर, सड़कें पास कर… नहीं तो मार डालूंगा।'
घटना के बाद उपयंत्री ने इसकी जानकारी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि इससे पहले भी खिलचीपुर जनपद पंचायत में जनपद अध्यक्ष सीमा नैनावद के पति सुनील नैनावद और सहायक यंत्री मिथुन शाक्य के बीच विवाद का मामला सामने आया था। उस मामले में शासकीय कार्य में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। घटना के बाद जिले के उपयंत्रियों ने नाराजगी जताते हुए कार्य बहिष्कार और हड़ताल की चेतावनी भी दी थी। उपयंत्री विनय कुशवाह के अनुसार, उन्होंने संबंधित कार्य नियमानुसार करने की बात कही थी, जिसके बाद कथित रूप से उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और धमकी दी गई।
दूसरी ओर, सुनील नैनावत ने आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि उन्होंने केवल स्वीकृत सुदूर सड़कों की फाइलें आगे बढ़ाने को कहा था। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी। भाजपा समर्थित जनपद अध्यक्ष सीमा नैनावत ने कहा कि उनके पति निर्दोष हैं। उन्होंने किसी अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार नहीं किया। उन्हें बेवजह इस मामले में आरोपी बनाया गया है। सुनील ने बताया कि खिलचीपुर जनपद की पंचायतों में करीब तीन करोड़ रुपए की लागत से 15 सुदूर सड़कें स्वीकृत हुई हैं। इनमें ग्राम पंचायत चितावलिया, बाजरोन और लसुलड़ी की सुदूर सड़क निर्माण की फाइलें आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने प्रभारी सहायक यंत्री को चर्चा के लिए जनपद अध्यक्ष के चेंबर में बुलाया था। उन्होंने कहा कि चर्चा के दौरान सहायक यंत्री ही बहस करने लगे और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया