
Rajgarh Shravan Patidar Show Cause Notice: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रवण पाटीदार की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भाजपा कार्यकर्ता के साथ गाली-गलौज का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब पार्टी ने जिला उपाध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इससे पहले जिला उपाध्यक्ष के खिलाफ पुलिस ने गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का मामला पीड़ित की शिकायत पर दर्ज किया था।
राजगढ़ भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर की ओर से जिला उपाध्यक्ष श्रवण पाटीदार को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में पहले भी एक पत्रकार के साथ विवाद का मामला सामने आने और अब गाली-गलौज का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का उल्लेख किया गया है। पार्टी ने इसे गंभीर मानते हुए कहा कि लगातार मनमानी से संगठन की छवि खराब हो रही है। नोटिस में तीन दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर एकतरफा कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
नल-जल योजना में नल बंद होने की शिकायत कलेक्टर तक पहुंचाने की बात पर यह विवाद, कहासुनी हुई थी। इकलेरा निवासी भाजपा कार्यकर्ता नीरज शर्मा की शिकायत पर तलेन पुलिस ने ग्राम पंचायत सरपंच और भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रवण पाटीदार के खिलाफ फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। मामले से जुड़ी कथित बातचीत का ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वायरल ऑडियो में जिला उपाध्यक्ष श्रवण पाटीदार नीरज को ऐसी गालियां दे रहा है, जो सुनी नहीं जा सकती।
शिकायत के मुताबिक, इकलेरा में नल-जल योजना के तहत नल बंद होने की समस्या को लेकर नीरज शर्मा ने कलेक्टर को आवेदन दिया था। इसी बात को लेकर 22 अक्टूबर को फोन पर विवाद होने का आरोप है। नीरज का कहना है कि श्रवण पाटीदार ने फोन पर उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी दी। घटना की रिपोर्ट 24 अक्टूबर की रात तलेन थाने में दर्ज कराई गई। पुलिस के अनुसार, श्रवण के खिलाफ बीएनएस की धारा 351(4), 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।