राजगढ़

CM हेल्पलाइन पर शिकायत की तो राजगढ़ में दो भाइयों को पंचायत में बुलाकर पीटा, पीड़ित ने थाने में कीटनाशक पीया

CM Helpline Complaint: पंचायत में अपने साथ हुई मारपीट की शिकायत दर्ज कराने कुरावर थाने पहुंचे थे पीड़ित युवक, काफी देर तक इंतजार करने के बाद युवक ने थाने में कीटनाशक पी लिया, युवक को अस्पताल में कराया गया भर्ती।
2 min read
Jul 08, 2026
RAJGARH
cm helpline complaint youth drinks poison at police station after alleged assault, मारपीट से आहत युवक ने थाने में कीटनाशक पीया (SOURCE-PATRIKA)

Rajgarh CM Helpline Complaint: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में सीएम हेल्पलाइन पर सड़क निर्माण में कथित गड़बड़ी और राशन कार्ड में नाम नहीं जुड़ने की शिकायत करना दो भाइयों को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत वापस लेने के लिए दोनों को पंचायत भवन बुलाया गया, जहां उनके साथ मारपीट की गई। इसके बाद जब पीड़ित युवक शिकायत लेकर कुरावर थाने पहुंचे तो घंटों तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई। कार्रवाई में देरी से आहत एक युवक ने थाने परिसर में ही कीटनाशक पी लिया। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीएम हेल्पलाइन पर की थी शिकायत

राजगढ़ जिले के मोयली खुर्द गांव के रहने वाले रामनिवास मीणा और उनके भाई हरिनारायण मीणा ने कुछ समय पहले सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत में दोनों भाइयों ने आरोप लगाया था कि ग्राम पंचायत में सीमेंट कांक्रीट सड़क का निर्माण किए बिना भुगतान कर दिया गया, वहीं राशन कार्ड में परिवार के सदस्य का नाम भी नहीं जोड़ा जा रहा है।

'शिकायत वापस लो तो की मारपीट'

पीड़ितों का आरोप है कि पंचायत सचिव चैनसिंह चौधरी ने फोन कर दोनों भाइयों रामनिवास मीणा और हरिनारायण मीणा को दोपहर में पंचायत भवन में बुलाया। दोनों भाई वहां पहुंचे तो पंचायत भवन में सरपंच रामनारायण मीणा, उनके भाई रामराज मीणा और अन्य लोग मौजूद थे। आरोप है कि शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया गया और इनकार करने पर गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों व लात-घूंसों से मारपीट की गई। इस दौरान मोबाइल छीनने और पर्स गायब होने का भी आरोप लगाया गया।

थाने में इंतजार… फिर उठाया खौफनाक कदम

मारपीट के बाद दोनों भाई कुरावर थाने पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि कई घंटे तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। लगातार गुहार लगाने के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से परेशान रामनिवास मीणा ने थाने परिसर में ही कीटनाशक पी लिया। पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल रेफर कर दिया गया। रात में परिजन घायल को फिर थाने लेकर पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों पर प्रकरण दर्ज किया।

सचिव बोले- युवकों ने ही किया हमला

दूसरी ओर पंचायत सचिव चैनसिंह चौधरी ने भी रामनिवास और हरिनारायण के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। उनका कहना है कि राशन कार्ड में नाम सर्वर डाउन होने के कारण नहीं जुड़ पाया था। इसी बात पर दोनों भाई विवाद करने लगे और उनके साथ मारपीट की।

पुलिस बोली- दोनों पक्षों पर एफआइआर दर्ज की

कुरावर एसआई अरविंद सिंह राजपूत ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें मिली थीं। घटनाक्रम को समझने और मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद रात करीब 10 बजे दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Updated on:
08 Jul 2026 04:22 pm
Published on:
08 Jul 2026 04:22 pm