
Road Accident (राजगढ़ के 5 लोगों की सड़क हादसे में मौत Photo Source- Input)
Rajgarh News : मानसिक रूप से बीमार युवक की झाड़ - फूंक कराने मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के भियापुरा गांव से आष्टा जा रहे लोगों की बोलेरो कार सोमवार को भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। सीहोर जिले के आष्टा - शुजालपुर मार्ग पर गोदी जोड़ के पास सामने से ट्रक काल बनकर आया। जोरदार भिड़ंत में बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सीहोर और वहां से भोपाल रेफर किया गया है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस के अनुसार, भियापुरा में रहने वाले 22 वर्षीय बनेसिंह पिता देवीराम तंवर मानसिक रूप से अस्वस्थ था। उसे झाड़-फूंक कराने के लिए परिजन किराए की गाड़ी (एमपी 42 जेडजी 0660) से लेकर आष्टा जा रहे थे। दोपहर करीब 2.45 बजे गोदी जोड़ के पास सामने से आ रहे खाली ट्रक (एमपी 09 एचएच 8670) ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि, कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रक करीब 15 फीट दूर साइड में जाकर रुका। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, इस हादसे में भियापुरा निवासी युवक बनेसिंह पिता देवीराम तंवर (22), उसके पिता देवीराम पिता काशीराम (60), भगवान पिता देवचंद्र (50), बोलेरो चालक अमरसिंह पिता कालूराम (45) निवासी सेमलाबे और गुलाबचंद (30) पिता भंवरलाल की मौके पर मौत हो गई। वहीं, हेमराज (25) पिता पंचूलाल तंवर, इंदर (55) पिता नंदराम, राजाराम (45) पिता गणपत और राधेश्याम (38) पिता देवीराम गंभीर रूप से घायल हो गए। बनेसिंह का उपचार करवाने के लिए ही सब लोग जा रहे थे। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो में फंसे शवों और घायलों को निकालने के लिए पुलिस और स्थानीय लोगों को सब्बल की मदद से वाहन के लोहे के हिस्से काटने पड़े। करीब तीन घंटे बाद परिजनों के पहुंचने पर मृतकों की शिनाख्त हो सकी। पार्वती थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बनेसिंह पिता देवीराम तंवर (20) निवासी भियापुरा घर के भीतर ही लंबे समय से रहता था। लंबे समय से उपचार चल रहा था। कुछ समय पहले उसकी पत्नी छोड़कर जा चुकी है। मानसिक रूप से कमजोर था। परिजन देव स्थान पर झाड़फूंक के लिए ही उसे लेकर आष्टा जा रहे थे। लेकिन कथित उपचार से पूर्व ही वे हादसे का शिकार हो गए और जिसका उपचार करवाने जा रहे थे उसके सहित अन्य लोग भी इसका शिकार हो गए। साथ में पिता देवीराम, भाई राधेश्याम सहित अन्य परिवार के अन्य लोग गए थे।
-इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। किसी को इस अनहोनी का अंदाजा नहीं था। जैसे ही हादसे की सूचना मिली तो गांव के कुछ लोग और बोलेरो चालक निवासी सेमलाबे का भाई कैलाश भी साथ गया। सब लोग एक अन्य वाहन से घटनास्थल और आष्टा के लिए निकले। तब तक मृतकों के परिजन इस बात से अनजान थे कि अब उनके परिजन दुनिया में नहीं रहे। गांव के लोगों ने बमुश्किल परिस्तिथि को संभाला। परिजन और घर के लोगों को संभाल पाना मुश्किल हो रहा था।
Updated on:
07 Jul 2026 07:17 am
Published on:
07 Jul 2026 06:50 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
