
Rajgarh News :मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सारंगपुर शहर के बगकुआं इलाके में स्थित लक्ष्मणदा की बाड़ी में बुधवार देर रात सामने आई एक हृदय विदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। घर के भीतर 30 वर्षीय विवाहिता बेटी का शव सेफ्टी टैंक में पड़ा था, जबकि उसकी 55 वर्षीय मां फांसी के फंदे पर लटकी पाई गई। घर में मौजूद 10 महीने का मासूम बच्चा अकेला लगातार रोता हुआ मिला है।
घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि, विवाहिता शीतल राठौर का ससुराल पक्ष से कुछ समय से विवाद चल रहा था। आशंका है कि, मानसिक तनाव के चलते उसने सेफ्टी टैंक में कूदकर आत्महत्या कर ली। बेटी की मौत से आहत होकर मां मधुबाला राठौर ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या की है। जानकारी ये भी सामने आई है कि, घटना के वक्त घर में सिर्फ मां, बेटी और उनका 10 महीने का बच्चा मौजूद था।
परिवार के मुखिया अशोक राठौर, जो एमपीईबी में लाइनमैन हैं और पुत्र धीरज राठौर अपने - अपने कार्यस्थलों पर गए हुए थे।
रात के वक्त जब धीरज घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। अंदर से बच्चे के रोने की आवाजें आ रही थीं। काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया। राठोर ने जब अंदर जाकर देखा तो मां और बेटी उन्हें मृत अवस्था में मिलीं।
सूचना पर एसडीओपी अरविंद सिंह, थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दोनों शवों को बरामद कर पंचनामा किया गया और दोनों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू की गई है। पुलिस आत्महत्या के कारणों और परिस्थितियों की पड़ताल शुरु कर दी है। पुलिस का कहना है कि, जल्द ही मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी। वहीं, एक ही घर में मां - बेटी की संदिग्ध मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।