राजगढ़

‘भाजपा-RSS-विहिप में मुझसे ज्यादा धार्मिक व्यक्ति बता दो..’, राजगढ़ में दिग्विजय सिंह की खुली चुनौती

Satya Sanatan Swabhiman Yatra : सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के दौरान दिग्विजय सिंह बोले- भाजपा-आरएसएस-विविप में एक ऐसा व्यक्ति बताओ, जो मुझसे ज्यादा धार्मिक हो। बोले- 'चंदा चोरी और वोट चोरी से आम आदमी का नुकसान'।
3 min read
• •
Updated: 31 Oct 2026, 6:47 PM IST
Satya Sanatan Swabhiman Yatra
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस करते दिग्विजय सिंह (फोटो सोर्स: Patrika)

Rajgarh News :मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला मुख्यालय पर रात रुकने के बाद शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा मां जालपा के दर्शन के बाद रवाना हुई। जगह-जगह फूलों से स्वागत हुआ। सिंह ने नेवज नदी की पूजा भी की। इसके बाद यात्रा कालीपीठ मार्ग की ओर बढ़ी और दोपहर में दंड जोड़ स्थित रामदेव मंदिर पहुंची। यहां प्रेस वार्ता में उन्होंने यात्रा के उद्देश्य और विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी।

मीडिया को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि, देश में चंदा चोरी और वोट चोरी से आम आदमी का नुकसान हो रहा है। इसी उद्देश्य से ये यात्रा निकाली जा रही है। पत्रिका के सवाल पर उन्होंने कहा कि, यात्रा धार्मिक है या इसमें वोट चोरी का मुद्दा ज्यादा गूंज रहा है, उन्होंने कहा कि, क्या वोट चोरी हमारी जिम्मेदारी नहीं है? ये उससे भी खतरनाक है, क्योंकि इससे लोगों की नागरिकता समाप्त हो रही है। सनातन धर्म का स्वाभिमान बनाए रखना है तो क्या यह मेरा दायित्व नहीं है?

दिग्विजय बोले- मुझसे ज्यादा धार्मिक व्यक्ति बताओ

भाजपा नेताओं के इस सवाल पर कि, उनकी सरकार के समय उन्हें रामजी की याद क्यों नहीं आई, सिंह प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, उन्होंने रामलीला पूजन में चंदा दिया और गौ सेवा आयोग का गठन किया। उनके गृह क्षेत्र राघौगढ़ में 400 साल पुराना राघवजी का मंदिर है। उन्होंने पलटकर सवाल किया कि, कोई एक भाजपाई बता दे, जो उनसे ज्यादा धार्मिक हो। आरएसएस या विहिप में भी ऐसा व्यक्ति बता दें।

राहुल गांधी की यात्रा पर बोले दिग्विजय

दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाली राहुल गांधी की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ महारैली को लेकर उन्होंने कहा कि जो लोग जा सकते हैं, वे दिल्ली जाएं और जो नहीं जा सकते, वे उनके साथ यात्रा में चलें। इस दौरान जिला अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह, पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी, बापूसिंह तंवर, यात्रा प्रभारी चंदरसिंह सौंधिया, रामचंद्र दांगी सहित अन्य मौजूद रहे।

कैलाश और आजम खान को बताया मित्र

इंदौर में हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान सुर्खियों में आए नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को लेकर पूछे गए सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि, वे उनके मित्र हैं और उन्हें काफी समय से जानते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा- वे आखिर किस तरह के हैं। उत्तर प्रदेश के समाजवादी पार्टी नेता आजम खान को भी उन्होंने अपना मित्र और अच्छा राजनेता बताया। सिंह ने कहा कि, आजम ने कोई गलत काम नहीं किया। उन्होंने यूनिवर्सिटी शुरू की और उसमें अपनी पूरी संपत्ति लगा दी। यूपीए सरकार के दौरान यूनिवर्सिटी को मंजूरी दिलाने में उन्होंने अपनी ओर से पूरी मदद की। आजम जहां रहना चाहें, रह सकते हैं। समाजवादी पार्टी हमारे गठबंधन का हिस्सा है और हम एक-दूसरे के खिलाफ नहीं चलते।

राम मंदिर ट्रस्ट की जमीन में भी भाजपा नेताओं पर आरोप

दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर चंदा चोरी के साथ ट्रस्ट की जमीन को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर के आसपास की जमीनों की कीमत बढ़ने के बीच तीन ऐसे मामले सामने आए, जिनमें भाजपा नेताओं ने सस्ती कीमत पर जमीन खरीदी और 24 घंटे के भीतर उसे राम मंदिर ट्रस्ट को बेच दिया। उन्होंने एक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि शाम को दो करोड़ रुपए में जमीन खरीदी गई और अगले दिन चंपत राय ने मंदिर ट्रस्ट के जरिए वही जमीन 18 करोड़ रुपए में खरीद ली। इससे सीधा फायदा पहुंचाया गया।

सिंह के अनुसार, इस मामले में संजय सिंह ने घोटाले की जांच की मांग उठाते हुए एसआईटी को प्रमाण सौंपे, लेकिन जांच नहीं हुई। उन्होंने कहा कि आरएसएस के पूर्व प्रचारक महिपाल सिंह भी लगातार शिकायत कर रहे हैं। उन्हें चंपत राय ने अकाउंटिंग का काम सौंपा था। वर्ष 2021 में उन्होंने चंदा संग्रह में गड़बड़ी की शिकायत की, लेकिन अगले ही दिन उन्हें काम से हटा दिया गया।

वोट चोरी, चंदा चोरी और राजगढ़ में कांग्रेसियों की भैंस चोरी

प्रेस वार्ता में सिंह ने कहा कि मंदिरों में चंदा चोरी हो रही है। उन्होंने वैष्णोदेवी ट्रस्ट, केदारनाथ, मध्यप्रदेश के ओरछा और उज्जैन का उदाहरण दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में वोट चोरी हो रही है और राजगढ़ में कांग्रेसियों की भैंस चोरी हो रही हैं। सिंह ने कहा कि हाल ही में राजगढ़ में भैंस चोरी के मामले बढ़ने की जानकारी मिली है और जिन लोगों की भैंस चोरी हुई हैं, उनमें अधिकतर कांग्रेसी हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चोरी हर जगह बढ़ रही है।

Updated on:
31 Oct 2026, 6:47 PM IST
Published on: