
(रिपोर्ट- वीरेंद्र जोशी, ब्यावरा)
MP News: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां की ब्यावरा विधानसभा सीट से पूर्व विधायक की पैतृक संपत्ति को लेकर परिवार में घमासान मच गया है। पूर्व विधायक की दोनों पत्नियों के घर के बीच जमकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला लोहे की रॉड से मारपीट तक पहुंच गया। इस घटना में दोनों पक्षों से 2-2 लोग घायल भी हो गए। मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज किया है।
दरअसल, पूर्व विधायक स्व. जगन्नाथ दांगी बालचिड़ी (Former MLA Jagannath Dangi Balchidi) की करोड़ों की पैतृक संपत्ति को लेकर उनके परिवार के लोग आपस में भिड़ गए। रात को एक शादी समारोह में उपजे विवाद के दौरान उनके पुत्रों के परिवार में लोहे की रॉड व लोहे की धारदार पत्ती से जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनों तरफ से दो दो सहित कुल चोर लोग घायल हुए हैं।
देहात थाना पुलिस के अनुसार, बालचिड़ी गांव में उपजे विवाद में एक पक्ष से भाजपा नेता लखन सिंह दांगी (छोटी पत्नी के पुत्र) ने रिपोर्ट लिखाई है कि, गांव के ही रामनिवास दांगी व विकास दांगी ने पुरानी रंजिश को लेकर उनके साथ लोहे की धारदार पत्ती से मारपीट कर दी। बीच बचाव कर रहे उनके भाई ईश्वर सिंह दांगी के साथ भी मारपीट की गई। वहीं, दूसरे पक्ष के रामनिवास दांगी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि, उनके चाचा लखन सिंह दांगी और उसके भाई ईश्वर सिंह दांगी ने संपत्ति के विवाद को लेकर उनके ऊपर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बीच बचाव कर रहे फरियादी के भाई विकास दांगी के साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पूर्व विधायक स्व. दांगी साल 1967 से 1972 तक ब्यावरा विधनसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं। पूर्व विधायक स्व. दांगी के पोते रामनिवास उर्फ युवराज पटेल के अनुसार, उनके दादाजी निर्दलीय विधायक निर्वाचित हुए थे। बाद में उन्होंने जनसंघ की सदस्यता ले ली थी। इनके बेटे लखन दांगी भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी भी रहे हैं।
पूर्व विधायक स्व. दांगी का निधन साल 2016 में हो गया था। उनके निधन के बाद से ही उनकी पैतृक संपत्ति को लेकर उनके बेटों व उनके बच्चों में विवाद चल रहा है। इसमें विवाद की रंजिश में बीती रात यह खूनी संघर्ष हुआ है। हालांकि पुलिस मामले में जानकारी देने से आनाकानी करती रही।