
Rajgarh Family Tragedy: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में जिस घर में कुछ ही दिन पहले जिस परिवार ने एक हादसे में परिवार के बुजुर्ग को खोया था और उनकी तेरहवीं का शोक कार्यक्रम गुरुवार को होना था, उसी परिवार पर एक और वज्रपात टूट पड़ा। घर के पीछे खेत पर सिंचाई के लिए मोटर की केबल लगा रहे 26 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे से पूरा परिवार और क्षेत्र में गमगीन माहौल है। मृतक के दो बच्चे हैं जिनमें एक बेटी और एक बेटा है जिनके सिर से हमेशा के लिए पिता का हाथ उठ गया है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 8.30 बजे घर के पीछे स्थित खेत पर जगदीश (26) पिता हरिसिंह सौंधिया पानी की मोटर चालू करने गया था। मोटर के लिए बिजली केबल लगा रहे थे, तभी अचानक जोरदार करंट का झटका लगा। शोर सुनकर दौड़े परिजनों ने किसी तरह उन्हें तार से छुड़ाया। हादसे के बाद तुरंत बेहोशी की हालत में किसान को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की है।
परिजनों ने बताया कि घटना के बाद जान बचाने के लिए तुरंत मौके पर ही सीपीआर दिया गया, जिससे कुछ पलों के लिए सांसें चलने का आभास हुआ। इसके बाद परिजन तुरंत कार से उन्हें अस्पताल लेकर भागे, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मृतक जगदीश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके दो मासूम बच्चे तीन साल का बेटा और पांच साल की बेटी हैं। युवक की मौत से परिवार गहरे सदमे में है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।