राजगढ़

25 दिन से खेतों में नहीं पहुंची बिजली, पानी का भी संकट, गुस्साए किसानों ने जयपुर-जबलपुर हाईवे किया जाम

Farmers Protest : कलेक्ट्रेट के सामने जयपुर-जबलपुर मार्ग पर किसानों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच झूमाझटकी भी हुई। ऑपरेटर-लाइनमैन हटाने और पांच सदस्यीय जांच टीम बनाने का आश्वासन मिलने के बाद मामला शांत हुआ।
2 min read
• •
Updated: 10 Nov 2026, 5:53 PM IST
Farmers Protest
राजगढ़ में किसानों का प्रदर्शन (फोटो सोर्स: Patrika)

Rajgarh News :मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में खेतों की सिंचाई के लिए बिजली और पानी नहीं मिलने से परेशान किसानों का गुस्सा मंगलवार दोपहर सड़क पर फूट पड़ा। खिलचीपुर तहसील के भूमरिया-पपड़ेल समेत आसपास के गांवों से आए किसानों ने कलेक्ट्रेट के सामने जयपुर-जबलपुर नेशनल हाइवे पर जाम लगा दिया। करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। जाम खुलवाने पहुंची पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी भी हो गई।

विरोध के दौरान कुछ किसान सड़क पर लेट गए और समस्या का समाधान होने तक हटने से इंकार कर दिया। पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी भी किसानों के बीच पहुंचे। बाद में बिजली कंपनी के अधीक्षण यंत्री और डिप्टी कलेक्टर निधि भारद्वाज ने किसानों से चर्चा की। संबंधित ऑपरेटर और लाइनमैन को हटाने, पांच सदस्यीय जांच टीम बनाने तथा तीन दिन में व्यवस्था सुधारने का आश्वासन मिलने के बाद जाम खुला।

किसान बोले- 25 दिन से गड़बड़ है बिजली आपूर्ति

किसानों का कहना था कि गांवों में करीब 25 दिनों से बिजली आपूर्ति प्रभावित है। इससे खेतों की सिंचाई नहीं हो पा रही। ग्रामीणों ने बताया कि पहले भी अधिकारियों को आवेदन देकर समस्या बताई थी, लेकिन समाधान नहीं हुआ। बिजली विभाग की ओर से ग्रिड पर अधिक लोड होने की बात कही जा रही है। कुछ किसानों ने लाइनमैन पर बिजली चालू करने के बदले रुपए मांगने के आरोप भी लगाए।

बिजली और वॉल्व खोलने में तालमेल नहीं, किसान परेशान

ग्रामीणों के मुताबिक सिंचाई के लिए बिजली और पानी की व्यवस्था में तालमेल नहीं है। जब नहर के वॉल्व चालू किए जाते हैं, तब बिजली उपलब्ध नहीं रहती और जब थोड़ी बहुत बिजली मिलती है तो वॉल्व नहीं चलाए जाते। इससे खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा। किसानों का कहना है कि सिंचाई नहीं होने से खेती प्रभावित हो रही है और कुछ परिवार पलायन की स्थिति में पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने संबंधित ऑपरेटर और लाइनमैन की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की मांग की।

पुलिस की सख्ती पर सड़क पर लेट गए किसान

हाइवे पर किसानों के बैठने से वाहनों की कतार लग गई। कोतवाली पुलिस ने समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन किसान समस्या का समाधान होने तक हटने को तैयार नहीं हुए। टीआई मंजू मखेनिया पहुंचीं तो पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की, इस दौरान धक्कामुक्की हुई तो कुछ किसान सड़क पर लेट गए। स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। इस दौरान पूर्व विधायक हेमराज कल्पोनी भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे।

पांच सदस्यीय टीम करेगी जांच, ऑपरेटर-लाइनमैन हटेंगे

मौके पर पहुंचीं डिप्टी कलेक्टर निधि भारद्वाज ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि संबंधित ऑपरेटर और लाइनमैन को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मोहनपुरा लाइन से जुड़े ऑपरेटर और व्यवस्था की जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम बनाई गई है। टीम गांवों में जाकर अलग-अलग स्तर पर जांच करेगी और किसानों की समस्याओं का निराकरण कराएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की संतुष्टि के बाद ही व्यवस्था को दुरुस्त माना जाएगा। अधिकारियों ने तीन दिन में बिजली और पानी की व्यवस्था सुधारने का भरोसा दिया।

2 ज्ञापन में उठाई बिजली और पानी की समस्या

किसानों ने कलेक्टर के नाम सौंपे ज्ञापन में खिलचीपुर तहसील के 25 गांवों में बिजली संकट का उल्लेख किया है। वहीं, पीपल्या खास के ग्रामीणों ने अलग ज्ञापन देकर पानी की समस्या बताई। उनका कहना है कि महानपुरा परियोजना के बॉक्स नंबर 24 से पानी मिल रहा है, लेकिन दूसरी लिफ्ट चालू नहीं होने से गांव तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा। ग्रामीणों ने बॉक्स नंबर 21 से पानी उपलब्ध कराने की मांग की है।

Updated on:
10 Nov 2026, 5:53 PM IST
Published on: