
Rajgarh News :मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में स्थित जिस प्रोफेश्नल कॉलेज में एडमिशन लेकर छात्र अपने भविष्य के सपने संजो रहे हैं, वहां शुरुआत से ही व्यवस्थाओं का टोटा उनके सामने चुनौती बनकर खड़ा हुआ है। यहां हालात ये हैं कि, कॉलेज तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क ही नहीं है तो दूसरी तरफ पढ़ाई के लिए पर्याप्त स्थायी शैक्षणिक स्टाफ भी नहीं है। शासकीय व्यावसायिक महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने इन समस्याओं को लेकर जनसुनवाई में कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है, जिसमें उन्होंने कॉलेज तक पहुंचने के मार्ग पर पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।
विद्यार्थियों ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि, महाविद्यालय तक पहुंचने वाला मार्ग बेहद खराब और ऊबड़-खाबड़ है। सड़क की उचित व्यवस्था न होने से रोजाना कॉलेज आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। पैदल आने वाले विद्यार्थियों को अधिक दिक्कत होती है, जबकि दोपहिया वाहनों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बारिश के दिनों में तो स्थिति और भी ज्यादा खराब हो जाती है। छात्रों ने प्रशासन से मार्ग का निरीक्षण कर शीघ्र पक्की सड़क बनाने की मांग की है।
करीब एक साल पहले तक यहां एक भी छात्र ने एडमिशन नहीं लिया था। इसके बाद काफी प्रचार-प्रसार के जरिए छात्रों को कॉलेज और यहां संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी दी गई। कई उम्मीदों के साथ इस बार करीब 30 विद्यार्थियों ने एडमिशन ले तो लिया, लेकिन अब उन्हें पढ़ाने के लिए महज एक स्थायी प्राध्यापक उपलब्ध हैं, जबकि 3 अतिथि विद्वानों के सहारे शैक्षणिक व्यवस्था चल रही है। ऐसे में छात्रों की मांग है कि, यहां व्यवस्थित तौर पर शिक्षकों की भर्ती हो, ताकि वो सही शिक्षा अर्जित कर सकें।
महाविद्यालय में बीबीए, बीसीए समेत व्यावसायिक पाठ्यक्रम संचालित हैं, लेकिन इनके लिए पर्याप्त स्थायी शैक्षणिक स्टाफ नहीं है। करीब 30 विद्यार्थियों पर सिर्फ एक स्थायी प्राध्यापक पदस्थ हैं, जबकि 3 अतिथि विद्वान पढ़ाई की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसे में विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता और नियमित शैक्षणिक मार्गदर्शन को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के पीछे बेहतर शिक्षा और प्रशिक्षण की उम्मीद थी, लेकिन मौजूदा व्यवस्था में उन्हें अपनी पढ़ाई के लिए खुद ही प्रयास करना पड़ रहा है।
शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे विद्यार्थियों ने पत्रिका को बताया कि, कॉलेज में पढ़ाने के लिए एक ही स्थायी प्राध्यापक हैं। बाकी पढ़ाई के लिए उन्हें खुद पढ़ना पड़ रहा है। अलग से पढ़ाई की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। विद्यार्थियों के अनुसार, वे बाहरी जरियों और सेल्फ स्टडी के जरिए पाठ्यक्रम पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं। उनका कहना है कि, प्रचार-प्रसार देखकर उन्होंने प्रवेश लिया था, लेकिन अब नियमित पढ़ाई और विषयवार मार्गदर्शन को लेकर परेशान होना पड़ रहा है। छात्रों ने प्रशासन से कॉलेज में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति और आवागमन के लिए बेहतर सड़क उपलब्ध कराने की मांग की है।