
Rajgarh Helicopter Wedding: बेटे की शादी को यादगार बनाने के लिए एक पिता ने ऐसा इंतजाम किया, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। मामला मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर के पाटन खुर्द का है, यहां रहने वाले फौजी बबलू सिंह चौहान के बेटे प्रशांत की बारात गुरुवार को हेलीकॉप्टर से आलमपुर (बापची) पहुंची। सुबह हेलीकॉप्टर पाटन खुर्द में उतरा, जहां से दूल्हा प्रशांत सहित परिजन सवार होकर विवाह स्थल के लिए रवाना हुए। हेलीकॉप्टर को देखने के लिए गांव में सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी थी।
पाटन खुर्द से हेलीकॉप्टर से दूल्हा प्रशांत आलमपुर (बापची) पहुंचा जहां वैवाहिक रस्में संपन्न होने के बाद दूल्हा प्रशांत दुल्हन को विदा कराकर हेलीकॉप्टर से ही अपने गांव पाटन खुर्द लेकर आया। बारात के हेलीकॉप्टर से पहुंचने और दुल्हन की विदाई भी हेलीकॉप्टर से होने का नजारा दोनों गांवों में आकर्षण का केंद्र बना रहा। हेलीकॉप्टर को उतरते और उड़ान भरते देखने के लिए ग्रामीण, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में जुटे। कई लोगों ने इस खास पल को मोबाइल कैमरों में कैद किया। हेलीकॉप्टर से आई बारात पूरे जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।
फौजी पिता बबलू सिंह चौहान ने बताया कि वो बेटे प्रशांत की शादी को यादगार बनाना चाहते थे इसलिए उन्होंने हेलीकॉप्टर से बारात ले जाने और दुल्हन की विदाई का इंतजाम किया। शादी को खास बनाने की इस पहल ने समारोह को अलग पहचान दी। हेलीकॉप्टर की आवाजाही और आयोजन के दौरान उमड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर तैयारी की गई। हेलीकॉप्टर के उतरने और उड़ान भरने वाले स्थान पर लोगों की आवाजाही व्यवस्थित रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के इंतजाम किए गए, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।