
Rajgarh Hostel Inspection: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिला मुख्यालय के छात्रावास का औचक निरीक्षण करने प्रशासनिक टीम पहुंची। कलेक्टर के निर्देश पर डिप्टी कलेक्टर निधि भारद्वाज और पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण के उप संचालक अर्जुन मालवीय ने संकटमोचन स्थित प्री और पोस्ट मैट्रिक छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यार्थियों के बीच बैठकर भोजन किया और उनसे सुविधाओं व समस्याओं पर बात की। अधिकारियों ने बच्चों से हॉस्टल में होने वाली परेशानियों के बारे में पूछा और खाने की क्वालिटी को लेकर भी सवाल किए।
हॉस्टल में बातचीत के दौरान विद्यार्थियों ने अधिकारियों को बताया कि हॉस्टल में जो पोहा सप्लाई किया जा रहा है कि उसकी गुणवत्ता खराब है। अधिकारियों ने बच्चों की शिकायत को गंभीरता से लिया और तुरंत लापरवाही बरतने वाले रसोइए के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई प्रस्तावित की। वहीं, एक ही स्थान पर करीब 150 विद्यार्थियों के भोजन करने से होने वाली अव्यवस्था को देखते हुए अधीक्षक को अलग-अलग शिफ्ट में भोजन कराने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को विद्यार्थियों ने परिसर में लाइट की कमी और असमाजिक तत्वों व शराबियों के प्रवेश करने की शिकायत भी की। इस पर अधिकारियों ने बाउंड्रीवॉल और सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाने के साथ ही पुलिस गश्त के लिए निर्धारित पॉइंट पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। हॉस्टल में पेय जल व्यवस्था में 3000 लीटर की टंकियां व बोरिंग सुचारू मिले, लेकिन पानी के व्यर्थ बहने और मोहनपुरा लाइन के नल क्षतिग्रस्त होने पर विद्यार्थियों की काउंसलिंग कर जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
प्रबंधन में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए पांच-पांच सदस्यों वाली चार समितियां (मेस प्रबंधन, सामान्य संचालन, स्वच्छता व एंटी रैगिंग) गठित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रवेश रजिस्टर संधारित करने और इन-हाउस लाइब्रेरी का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया हैं। कमरों में अव्यवस्था व परिसर में गुटखा-पान मसाला के दाग मिलने पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों ने विद्यार्थियों को हर रविवार श्रमदान कर परिसर स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया।