Rajgarh News : निर्माण कार्य में की गई अनदेखी। जेसीबी से फूटी जल निगम की मैन लाइन, हाईटेंशन लाइन तक पहुंची बौछारें, 100 गांवों की जलापूर्ति ठप।
Rajgarh News :मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिला मुख्यालय पर जालपा माता मंदिर के पास स्थित मुख्य जल टैंक से जुड़ी जल निगम की मैन पाइपलाइन सोमवार रात को निर्माण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के चलते करीब 100 गांवों में मंगलवार को पेयजल आपूर्ति बाधित हुई है। खास बात ये है कि, लाइन फूटने के बाद देर रात तक पानी बंद न किये जाने के चलते हजारों लीटर पानी सड़कों पर बहता रहा।
घटना कलेक्ट्रेट रोड के सामने आकाशवाणी केंद्र के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब सात बजे खिलचीपुर रोड पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी मशीन की खुदाई में मेन पाइपलाइन आ गई। जेसीबी का पंजा पाइपलाइन से टकराते ही तेज दबाव के साथ पानी का फव्वारा कई फीट ऊंचाई तक उठने लगा। प्रेशर इतना अधिक था कि, पानी ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन और पोल तक पहुंच गया। क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के समीप ही ट्रांसफॉर्मर लगा होने से बड़े हादसे की आशंका खड़ी हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना दी। विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर एहतियातन संबंधित लाइन की बिजली सप्लाई बंद कर दी, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।
पाइपलाइन से देर रात तक पानी बहता रहा। सड़क पर जलभराव की स्थिति बन गई और बड़ी मात्रा में पेय-जल व्यर्थ बह गया। निर्माण कार्य के दौरान बरती गई सतर्कता पर भी स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए। जल निगम के उप-प्रबंधक सचिन दांगी ने बताया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य जारी है। लाइन दुरुस्त करने में लगभग 24 घंटे का समय लग सकता है। इस कारण मेन लाइन से जुड़े लगभग 100 गांवों में आज नल से जल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। विभाग ने नागरिकों से आवश्यकतानुसार सीमित जल उपयोग की अपील की है।