
Rajgarh JE Attack: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में गांव में बिजली की समस्या को लेकर ग्रामीणों को समझाइश देने पहुंचे बिजली कंपनी के कनिष्ठ यंत्री (जेई) को पहले रास्ते में रोककर गाली-गलौज की गई। इसके बाद जेई जैसे-तैसे पाडल्या माता स्थित विद्युत कार्यालय पहुंचे तो वहां भी विवाद ने उग्र रूप ले लिया। 5 से 7 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पहुंचे लोगों ने कार्यालय में घुसकर कर्मचारियों से अभद्रता की। पहले बाबू की कॉलर पकड़ी और फिर जेई पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में जेई नरेंद्र कुमार गायरी के सिर में गंभीर चोट आईं हैं।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खजुरिया घाटा में कम वोल्टेज और बिजली संबंधी शिकायतों को लेकर जेई नरेंद्र कुमार गायरी ग्रामीणों को समझाइश देने पहुंचे थे। मौके पर करीब 50 ग्रामीण मौजूद थे। जेई उनसे चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान भगवान सिंह और गोपाल पाल वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों नशे की हालत में थे और आते ही जेई के साथ गाली-गलौज और अभद्रता करने लगे। इसके बाद जेई वहां से निकलकर पाडल्या माता स्थित विद्युत कार्यालय पहुंचे, लेकिन कुछ देर बाद 5 से 7 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर कई लोग कार्यालय पहुंच गए। आरोप है कि कार्यालय में घुसते ही उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। पहले बाबू की कॉलर पकड़ी और फिर प्रकाश भिलाला नामक युवक ने जेई नरेंद्र कुमार गायरी पर हमला कर दिया। इस दौरान डंडे से वार किए गए, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई।
कार्यालय में घटना का वीडियो बना रहे मीटर रीडर का मोबाइल भी छीन लिया गया। आरोप है कि मोबाइल में रिकॉर्ड किया गया वीडियो भी डिलीट कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर डीई अनिस सिंह राजपूत, एई नवीन जोसेफ सहित लाइनमैन, मीटर रीडर और विभाग के अन्य कर्मचारी कार्यालय पहुंचे। कर्मचारियों ने घटना का विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की। देर रात तक पुलिस मामले की जांच में जुटी रही। बाद में जेई की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी आवेदन दिया गया है। इसमें एक युवक के साथ मारपीट और बिजली कंपनी पर मनमाने बिजली बिल जारी करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस दोनों पक्षों के आवेदनों की जांच कर रही है।