
Rajgarh Jija Sala Death Chhapi River Drowning: राजस्थान के झालावाड़ जिले के भालता थाना क्षेत्र में उमरिया के पास छापी नदी के स्टॉप डैम में नहाने के दौरान मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले से जुड़े दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में जीरापुर तहसील के लखोनी निवासी शिक्षक भंवरलाल वर्मा के छोटे बेटे ईश्वर वर्मा (21) और आगर मालवा जिले के नलखेड़ा तहसील के दमदम निवासी दामाद प्रेम सिंह वर्मा (35) शामिल थे। हादसा 15 सितंबर को हुआ था। दोनों को खोजने के लिए पुलिस, एसडीआरएफ और ग्रामीणों ने करीब 18 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया।
जानकारी के अनुसार, ईश्वर वर्मा और प्रेम सिंह वर्मा सहित तीन युवक उमरिया के पास छापी नदी के एनिकट पर नहाने पहुंचे थे। नहाते समय ईश्वर और प्रेम गहरे पानी में चले गए और डूब गए। तीसरा युवक बाहर ही रुककर फोटो-वीडियो बना रहा था, जिससे उसकी जान बच गई। घटना की सूचना मिलते ही भालता पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की।
अंधेरा होने के कारण मंगलवार रात सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। बुधवार सुबह पुलिस और एसडीआरएफ ने दोबारा तलाश शुरू की। इस दौरान उमरिया सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण भी बचाव दल के साथ नदी में दोनों युवकों की तलाश में जुट गए। राजगढ़ जिले के लखोनी और आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे।
करीब 18 घंटे की तलाश के बाद बुधवार सुबह करीब 10 बजे प्रेम सिंह वर्मा का शव बरामद किया गया। इसके बाद ईश्वर वर्मा की तलाश जारी रही। दोपहर बाद उसका शव भी बरामद कर लिया गया। दोनों शवों का परिजनों और पुलिस की मौजूदगी में अकलेरा अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। ईश्वर वर्मा, लखोनी निवासी शिक्षक भंवरलाल वर्मा के छोटे बेटे थे। हादसे की खबर के बाद लखोनी और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल रहा। परिजन और ग्रामीण शवों की तलाश पूरी होने तक घटनास्थल पर डटे रहे। भालता पुलिस ने मर्ग दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।