
Rajgarh Marriage Fraud Case: मध्यप्रदेश के राजगढ़ में बेटे की शादी कराने का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपए ऐंठने की कोशिश में जुटे कथित ठगों का खेल उस समय बिगड़ गया, जब पीड़ित परिवार ने उनकी प्लानिंग फेल कर दी और पीछा कर लड़की सहित पांच लोगों को पकड़ लिया। मामला शहर के जालपा माता मंदिर रोड का है। पुलिस ने जीरापुर निवासी 42 वर्षीय फरियादी की शिकायत पर 10 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। इनमें से पांच आरोपी पकड़ लिए गए हैं, जबकि पांच अन्य डेढ़ लाख रुपए लेकर फरार बताए गए हैं।
शिवपुरी जिले के पोहरी क्षेत्र से करीब सात लोग एक लड़की को लेकर जालपा माता मंदिर के पास पहुंचे थे। दूसरी ओर, जीरापुर से युवक अपने माता-पिता और रिश्तेदारों के साथ कार से आया था। दोनों पक्षों के बीच बेटे की शादी कराने की बात तय हुई। लड़की को गहने चढ़ाने के नाम पर डेढ़ लाख रुपए मांगे गए, जो परिवार ने दे दिए। शादी अगले दिन कोर्ट खुलने पर कराने की बात तय हुई। इसके बाद शिवपुरी से आए लोगों ने कहा कि वे वापस जा रहे हैं और लड़की व उसके भाई को परिवार अपने साथ ले जाए, ताकि अगले दिन शादी की प्रक्रिया पूरी हो सके।
परिवार लड़की और उसके भाई को कार में बैठाकर जीरापुर के लिए रवाना हुआ। कुछ दूर आगे बाइक पर आए तीन लोगों ने कार रोक ली। इसी दौरान लड़की और उसका भाई बाइक सवारों के साथ भागने लगे। शक होने पर परिवार ने उनका पीछा किया और राजगढ़ पहुंचने तक उन्हें पकड़ लिया। मौके पर विवाद की स्थिति बनीं, उनमें झड़प भी हुई। जिसके बाद पुलिस पहुंची और सभी को थाने ले गई। पूछताछ में शादी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया।
पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर इंजमाम, साहिल, सुनील सिंह, अरुण परिहार, अफरोज राईन, अमजद, तस्मिरन, मामा, सुनील जाटव और एक अन्य सहित कुल 10 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और आईपीसी की धारा 420 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, लड़की सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी पांच की तलाश की जा रही है। फरार आरोपियों के पास डेढ़ लाख रुपए होने की बात सामने आई है।