राजगढ़

‘तेरे नाना ने बचपन में की थी सगाई, अब शादी कर या 22 लाख दें…’, राजगढ़ में युवती पर प्रथा के नाम पर बनाया दबाव

Marriage Pressure: बचपन की कथित सगाई के नाम पर 20 वर्षीय युवती पर शादी का दबाव, इनकार करने पर पहले 22 लाख और फिर 8 लाख रुपए झगड़े की मांग का आरोप लगा है।
2 min read
Sep 24, 2026
marriage pressure jhagda pratha 22 lakh demand
Jhagda Pratha Marriage Pressure: राजगढ़ में युवती पर प्रथा के नाम पर बनाया दबाव (फोटो सोर्स- ChatGPT)

Jhagda Pratha Marriage Pressure: तेरी सगाई तेरे नाना ने बचपन में की थी, अब शादी कर या झगड़ा दे…। राजगढ़ जिले में झगड़ा कुप्रथा से जुड़ी एक शिकायत ने कई सवाल खड़े कर दिए है। 20 वर्षीय युवती ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि कथित बचपन की सगाई के नाम पर उस पर शादी के लिए दबाव बनाया जा रहा है। इनकार करने पर पहले 22 लाख रुपए झगड़े के रूप में मांगे गए। युवती का कहना है कि उसे अपनी किसी सगाई की जानकारी तक नहीं है। बीए की पढ़ाई कर रही युवती के मुताबिक मूंडला लोधा निवासी एक युवक और उसके बड़े भाई द्वारा उसे कथित तौर पर कहा जा रहा है कि उसकी सगाई बचपन में उसके नाना ने कर दी थी। इसलिए अब उसे शादी करनी होगी। युवती का आरोप है कि शादी से इनकार करने पर उससे 22 लाख रुपए की मांग की गई।

थाने पहुंची तो ₹22 लाख से 8 लाख की मांग

युवती के अनुसार उसने परेशान होकर थाना छापीहेड़ा में शिकायत की और पुलिस से मदद मांगी। उसका आरोप है कि शिकायत के बाद भी दबाव खत्म नहीं हुआ। बल्कि झगड़े की रकम को लेकर कथित मांग बदलकर 8 लाख रुपए कर दी गई। युवती ने पुलिस अधीक्षक से कहा है कि वह न तो किसी सगाई को स्वीकार करती है और न ही उसे ऐसी किसी सगाई के बारे में जानकारी है। उसका कहना है कि वह लगातार मानसिक दबाव और डर की स्थिति में है।

जिस नाना के नाम पर दावा, उनका आठ साल पहले निधन

शिकायत में युवती ने एक और महत्वपूर्ण बात कही है। उसके अनुसार जिस नाना के नाम पर बचपन में उसकी सगाई किए जाने का दावा किया जा रहा है, उनका करीब आठ वर्ष पहले निधन हो चुका है। युवती का कहना है कि उसे अपने जीवन में ऐसी किसी सगाई की जानकारी नहीं रही।

पढ़ाई के लिए धार जाना था, डर के कारण नहीं जा पाई

युवती ने बताया कि उसका डीएड में चयन हुआ है और उसे आगे की पढ़ाई के लिए धार जाना था। आरोप है कि इसी दौरान उसे धमकी दी गई कि यदि वह पढ़ाई के लिए बाहर गई तो उसे वहां से उठा लाया जाएगा। इसके बाद परिवार उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित है और युवती की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। युवती ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जांच कर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर अब जांच में यह स्पष्ट होना है कि कथित सगाई का कोई प्रमाण या रिकॉर्ड है या नहीं, झगड़े की रकम की मांग किस आधार पर की जा रही थी और युवती को दी गई धमकियों की वास्तविकता क्या है।

Updated on:
24 Sept 2026 08:13 am
Published on:
24 Sept 2026 08:13 am