MP News: महुआ के पेड़ पर एक ही रस्सी से लटके मिले प्रेमी-प्रेमिका के शव, युवक की कुछ दिन बाद होने वाली थी शादी जबकि युवती पहले से शादीशुदा थी।
MP News: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग का दर्दनाक अंत हुआ। ढाबली खुर्द के पास जंगल में महुए के पेड़ पर एक ही रस्सी से बने दो फंदों पर युवक और युवती के शव लटके मिले। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह ग्रामीण जब जंगल की ओर गए तो पेड़ पर दोनों को लटका देखा। यह देख सनसनी फैल गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए खिलचीपुर अस्पताल भिजवाया।
पुलिस जांच में मृतकों की पहचान ढाबली खुर्द निवासी 23 वर्षीय राकेश तंवर और राजस्थान के जामुनिया गांव निवासी 21 वर्षीय धापूबाई तंवर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में दोनों के बीच प्रेम संबंध सामने आया है। पुलिस ने पूरा मामला जांच में लिया है। मौके पर एसडीओपी धर्मराज नागर, भोजपुर थाना पुलिस और खिलचीपुर टीआई उमाशंकर मुकाती पहुंचे और जांच शुरू की।
घटनास्थल पर एक ही रस्सी से दो फंदे बनाए गए थे। पेड़ के नीचे दोनों की चप्पलें सलीके से रखी मिलीं, जिससे प्रतीत होता है कि घटना सोच-समझकर अंजाम दी गई। यानी पहले उन्होंने चप्पलें पास रखी, आपस में बातचीत, फिर रस्सी का फंदा बनाकर दोनों ही पेड़ पर झूल गए। उन्हें इस तरह से एक साथ लटका देख लोग हतप्रभ रह गए। घटना का पता चलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। भोजपुर, खिलचीपुर थानों की पुलिस पहुंची और पंचनामा तैयार किया।
घटना का एक अहम पहलू यह है कि राकेश की शादी महज 15 दिन बाद तय थी। परिवार में तैयारियां चल रही थीं। परिजनों के अनुसार उन्हें किसी प्रेम संबंध की जानकारी नहीं थी। यानी उसकी दूसरी जगह शादी होने वाली थी, संभवत: इसी से दुखी होकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। इधर, युवती धापूबाई का पहले से विवाह हो चुका था, लेकिन वह मायके में रह रही थी। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और कई बार पंचायत भी हो चुकी थी। उसके पिता मोरसिंह ने बताया कि उसकी शादी करीब 10-11 साल की उम्र में भोजपुर के पाटरी गांव निवासी राधेश्याम से कर दी गई थी। दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। कई बार गांव में आग लगाई गई,पंचायत हुई और लाखों रुपए में समझौते की कोशिश भी हुई, लेकिन मामला सुलझ नहीं सका।
सुसाइड से पहले युवक ने युवती के साथ अपनी तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थीं। ये तस्वीरें अब उनकी आखिरी याद बन गई हैं। युवक के सीने पर आर और डी अक्षर का टैटू भी मिला है, जो दोनों के रिश्ते की ओर इशारा करता है। सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने के बाद उन्होंने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। फिलहाल कुछ भी कारण या सुसाइड नोट इत्यादि नहीं मिल पाए हैं। भोजपुर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू की है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।